
तिरंगे की छांव में पत्रकारिता की विरासत को नमन, बिलासपुर प्रेस ट्रस्ट भवन में सादगी से मना स्वतंत्रता दिवस
बिलासपुर–ईदगाह चौक स्थित स्व.डीपी चौबे प्रेस ट्रस्ट भवन में शनिवार को तिरंगे की शान और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत रहा। स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर बिलासपुर प्रेस क्लब की ओर से गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। क्लब के कोषाध्यक्ष किशोर कुमार सिंह ने प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा उपाध्यक्ष विजय तिवारी,सहसचिव हरिकिशन गंगवानी,कार्यकारणी सदस्य कैलाश यादव एवं पत्रकार साथियों की मौजूदगी में राष्ट्रध्वज का रोहण किया गया।

ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान और राष्ट्रीय गीत के सामूहिक गायन से पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से गूंज उठा। समारोह में किसी औपचारिक भाषण के बजाय उपस्थित पत्रकारों ने स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आज के दौर तक पत्रकारिता की भूमिका और उसके योगदान को महसूस करते हुए स्मरण किया। आजादी से पहले पत्रकारों ने अपनी लेखनी के माध्यम से जनजागरण, राष्ट्रीय चेतना और स्वतंत्रता की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं आजादी के बाद पत्रकारिता ने लोकतंत्र को मजबूत करने, जनहित के मुद्दों को सामने लाने और शासन-प्रशासन को जवाबदेह बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाई है। इस विरासत और जिम्मेदारी का समारोह में भावपूर्ण एहसास किया गया।
कार्यक्रम में बिलासपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा, उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, सह सचिव हरिकिशन गंगवानी और कार्यकारिणी सदस्य कैलाश यादव उपस्थित रहे। पूर्व अध्यक्ष तिलक राज सलूजा के साथ वरिष्ठ पत्रकार पीयूष कांत मुखर्जी, गणेश विश्वकर्मा, रुद्राक्ष गोस्वामी, रितु साहू, स्वाती मिश्रा,शिव तिवारी,रवि शुक्ला, प्रवीण सिंह, सैय्यद जफर आगा,राजेंद्र सिंह ,प्रियंका सिंह सहित बड़ी संख्या में पत्रकार साथी शामिल हुए।
समारोह की खासियत इसकी सादगी और आत्मीयता रही। तिरंगे के नीचे पत्रकारों का एक साथ खड़ा होना केवल राष्ट्रीय पर्व का उत्सव नहीं, बल्कि पत्रकारिता की उस गौरवशाली परंपरा को नमन भी था, जिसने आजादी की लड़ाई से लेकर लोकतंत्र के वर्तमान सफर तक समाज की आवाज बनने का दायित्व निभाया है। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति, सौहार्द और उत्साह का माहौल बना रहा।




