
सेवा से संवाद तक सराफा समाज का संकल्प…..17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान…..उपभोक्ता जागरूकता से व्यापारिक पारदर्शिता तक होंगे संवाद…
बिलासपुर– छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के उपभोक्ता जागरूकता अभियान और देशभर में चल रहे सेवा संकल्प अभियान को बिलासपुर सराफा एसोसिएशन व्यापक रूप देने जा रहा है। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर से होगी और 17 अक्टूबर तक एक माह शहर में सेवा, संवाद और जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न आयोजन किए जाएंगे।
अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को दोपहर 12:30 बजे शहर विधायक अमर अग्रवाल करेंगे। कार्यक्रम लाला लाजपत राय शासकीय विद्यालय, खपरगंज के सामने आयोजित होगा।
एक माह चलेगा संवाद का सिलसिला…..
अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम मां भारती की आरती के बाद प्रबुद्धजनों के साथ संवाद और विचार-विमर्श होगा। इसमें राष्ट्र की प्रगति, आधुनिक भारत, सराफा व्यापार, उपभोक्ता जागरूकता, व्यापारिक पारदर्शिता, व्यापारी हित और सामाजिक सरोकार जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।
एसोसिएशन का कहना है कि अभियान को केवल एक आयोजन तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसके माध्यम से सराफा व्यवसायियों, उपभोक्ताओं और समाज के विभिन्न वर्गों के बीच निरंतर संवाद और सहभागिता को बढ़ावा दिया जाएगा।
उपभोक्ता हित और पारदर्शिता पर फोकस…..
अभियान में व्यापार में पारदर्शिता और उपभोक्ता जागरूकता को प्रमुख विषय बनाया गया है। सराफा व्यापार से जुड़े विषयों पर ग्राहकों को जागरूक करने के साथ व्यापारियों और उपभोक्ताओं के बीच विश्वास मजबूत करने पर जोर रहेगा।
छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी ने कहा कि व्यापारी हित के साथ उपभोक्ता हित को भी प्राथमिकता देना आवश्यक है। अभियान का उद्देश्य समाज में विश्वास, पारदर्शिता और जागरूकता को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि सेवा और जनजागरूकता की भावना को जनभागीदारी से जोड़ते हुए समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सकारात्मक संवाद स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा।
योजनाओं की जानकारी भी बनेगी संवाद का हिस्सा….
17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर शुरू हो रहे अभियान में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए उनके प्रति जनजागरूकता बढ़ाने की बात कही गई है। इनमें जनधन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाएं शामिल हैं।
एसोसिएशन के अनुसार इन योजनाओं के जरिए बैंकिंग, स्वच्छता, आवास, स्वास्थ्य, स्वच्छ ईंधन और किसानों को आर्थिक सहायता जैसे क्षेत्रों में सेवाओं की पहुंच बढ़ाने का प्रयास किया गया है।
पांच संभाग, 33 जिले और 251 तहसीलों तक जुड़ाव…
सराफा समाज की इस पहल को व्यापक स्वरूप देने की तैयारी है। अभियान को छत्तीसगढ़ के 5 संभाग, 33 जिलों और 251 तहसीलों तक सराफा समाज की सहभागिता से जोड़ने की दिशा में संगठित प्रयास किया जा रहा है।




