स्कॉर्पियो का कहर……यदुनंदन नगर मोड़ पर भीषण सड़क हादसा….स्कूटी सवार और ई-रिक्शा चालक समेत तीन लोग घायल…. ई-रिक्शा के उड़े परखच्चे…..

बिलासपुर- सिरगिट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत तिफरा के बजरंग होटल, यदुनंदन नगर मोड़ पर रविवार देर शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने भीषण सड़क हादसे को अंजाम दे दिया। ब्लैक कलर की स्कॉर्पियो (क्रमांक MH 32 AX 2794) ने पहले स्कूटी को जोरदार टक्कर मारी और इसके बाद ई-रिक्शा को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, यदुनंदन नगर निवासी रमेश रेलवानी (लगभग 48 वर्ष) रोज की तरह सब्जी मंडी जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान वे स्कॉर्पियो की चपेट में आ गए। वहीं, ई-रिक्शा चालक विनोद कुमार सूर्यवंशी निवासी छतौना भी हादसे का शिकार हो गए। उनके ई-रिक्शा में नियमित सवारी के रूप में फल व्यापारी राजकुमार भी सवार थे। स्कॉर्पियो की जोरदार टक्कर से तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक ने स्वयं घायलों को अपनी गाड़ी में बैठाकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अस्पताल परिसर में भीड़ देखकर वह वाहन छोड़कर वहां से गायब हो गया। दुर्घटना में घायल तीनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे सिम्स से अपोलो अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, अन्य दो घायलों का इलाज सिम्स में जारी है। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
इधर, घटना की सूचना मिलने पर सिरगिट्टी पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को लेकर भी पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी है। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
तेज रफ्तार और लापरवाही ने फिर खड़ा किया सड़क सुरक्षा पर सवाल…..
तिफरा के व्यस्त यदुनंदन नगर मोड़ पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों से आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों और स्कॉर्पियो चालक की भूमिका की जांच कर रही है।


