
मवेशी को जंगल छोड़कर आ रहे ग्रामीणों पर हमले से हुई मौत के मामले में सात आरोपी गिरफ्तार…..एक आरोपी पुलिस पकड़ से बाहर…..एसीसीयू और मस्तूरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई…..
बिलासपुर–ग्राम रलिया में आवारा मवेशियों को जंगल छोड़कर आ रहे ग्रामीणों पर घात लगाकर हमला करने से एक ग्रामीण व्यक्ति की मौत हो गई थी और तीन अन्य ग्रामीण व्यक्ति घायल हुए थे।इस मामले में मस्तूरी पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त 2026 की शाम ग्राम लिमतरा के ग्रामीण अपनी धान की फसल की रखवाली कर रहे थे। फसल को नुकसान पहुंचा रहे करीब 15 से 20 आवारा मवेशियों को ग्रामीण भगाते हुए ग्राम रलिया के आगे भारतमाला सड़क के किनारे छोड़कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रलिया भारतमाला रोड पुल के पास आरोपियों ने उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि मवेशियों को उनकी ओर लाने का आरोप लगाते हुए आरोपियों ने ग्रामीणों के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद लाठी-डंडों और मुक्कों से उन पर हमला कर दिया गया। हमले में उमेश बरगाह सहित अन्य ग्रामीण घायल हुए, जबकि मुंडूल केंवट और जीवन मेहर को गंभीर चोटें आने पर तत्काल सिम्स अस्पताल बिलासपुर में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान जीवन मेहर की मौत हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी मस्तूरी सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में थाना मस्तूरी एवं ACCU की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में गजानंद पटेल, अजय चंद्राकर, अश्विनी पटेल, आलोक सिदार, कोमल चंद्राकर, लोमस चंद्राकर और घनश्याम चौहान उर्फ गोलू शामिल हैं। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाठी-डंडे एवं अन्य सामान भी जब्त किए गए हैं।




