
तेज रफ्तार पिकअप पेड़ से टकराकर पलटी, 12 से अधिक मजदूर घायल, 3 की हालत गंभीर
कोरबा- जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र के बनखेता गांव के पास सुबह मजदूरों से भरी एक तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई और पेड़ से जा टकराई। हादसे के समय वाहन में 12 से अधिक मजदूर सवार थे, जो दरगा गांव से गोढ़ी स्थित कार्बन फैक्ट्री में काम करने जा रहे थे।
दुर्घटना में उर्मिला कंवर, अंजली कंवर और सरिता मांझी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि अन्य मजदूरों को भी चोटें आई हैं। हादसे के बाद कुछ मजदूर वाहन के नीचे दब गए, जिन्हें स्थानीय लोगों ने बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया।
सूचना मिलते ही रजगामार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घायलों का उपचार जारी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।




