ब्रिटिश नागरिक डॉ. कृष्ण कुमार की संदिग्ध मौत……कमिश्नरेट से जगी न्याय की नई उम्मीद…. कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने डीसीपी दीपमाला कश्यप को सौंपी जांच….लंबे समय से न्याय के लिए भटक रहा परिवार खुद पहुंचा रायपुर….. पुलिस कमिश्नर से मुलाकात के बाद जांच ने पकड़ी रफ्तार……छह पसलियों के फ्रैक्चर का रहस्य अब भी बरकरार…..

रायपुर– ब्रिटिश नागरिक डॉ. कृष्ण कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब एक बार फिर जांच के केंद्र में है। न्याय और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर लंबे समय से प्रयास कर रहे परिजनों को रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद एक नई उम्मीद दिखाई दी। परिवार के सदस्य विशेष रूप से रायपुर पहुंचे और पुलिस कमिश्नर आईपीएस डॉ. संजीव शुक्ला से मुलाकात कर पूरे मामले की नए सिरे से निष्पक्ष जांच की मांग रखी।
कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने परिजनों की बात सुनने के बाद मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल डीसीपी दीपमाला कश्यप को जांच की जिम्मेदारी सौंप दी। इसके बाद जांच प्रक्रिया आगे बढ़ी और परिजनों के विस्तृत बयान दोबारा दर्ज किए गए। परिवार ने मेडिकल दस्तावेजों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूर्व पुलिस जांच से जुड़े तथ्यों को सामने रखते हुए कई महत्वपूर्ण सवाल उठाए हैं।
परिजनों की सबसे बड़ी मांग है कि डॉ. कृष्ण कुमार को लगी गंभीर छाती की चोट की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जाए। पोस्टमार्टम विवरण में दाहिनी तरफ तीसरी से आठवीं तक छह पसलियों में फ्रैक्चर का उल्लेख है। आखिर इतनी गंभीर चोट कैसे लगी? बाथरूम के दरवाजे से टकराने की बताई गई घटना और मेडिकल रिकॉर्ड के बीच क्या संबंध है? अस्पताल में उपचार से लेकर रायपुर स्थित अशोका रतन सोसायटी के आवास पर उनकी देखभाल तक की परिस्थितियों की निष्पक्ष पड़ताल होनी चाहिए।
परिवार की उम्मीद अब कमिश्नरेट की जांच पर टिकी है। उनकी मांग स्पष्ट है कि जांच केवल औपचारिकता न बने, बल्कि प्रत्येक मेडिकल दस्तावेज, संबंधित व्यक्ति के बयान और घटनाक्रम की हर कड़ी का सत्यापन हो। यदि किसी संज्ञेय अपराध के तथ्य सामने आते हैं तो कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए।लंबे इंतजार के बाद परिवार को उम्मीद है कि कमिश्नरेट व्यवस्था में उनकी आवाज सुनी जाएगी और डॉ. कृष्ण कुमार की मौत से जुड़े अनुत्तरित सवालों का जवाब मिल सकेगा।



