
सीपत नहर रोड पर बेखौफ बदमाशों का आतंक…..NTPC ठेका कर्मी पर चाकू से जानलेवा हमला…..हालत गंभीर…….
बिलासपुर–जिले के सीपत क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। एनटीपीसी (NTPC) सीपत में कार्यरत एक ठेका कर्मी पर बदमाशों ने लूट की नीयत से पीछे से चाकू मारकर जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों की यह दुस्साहसिक वारदात उस वक्त सामने आई जब उन्होंने कर्मी को एक ही शाम में दो बार घेरकर लूटने का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल कर्मी का इलाज बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में चल रहा है।
सब्जी लेकर लौटते वक्त घेरा
मूल रूप से बिहार निवासी इरशाद अली (40 वर्ष), जो एनटीपीसी सीपत में वेल्डर सुपरवाइजर के रूप में कार्यरत हैं, शुक्रवार शाम जांजी बाजार से सब्जी और चिकन खरीदकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान जांजी नहर रोड के पास चार अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और डरा-धमकाकर मोबाइल और पैसे छीनने की कोशिश करने लगे।
ग्रामीणों के आते ही भागे, फिर सुनसान रास्ते में किया हमला
पहली बार जब बदमाशों ने इरशाद को घेरा, तभी वहां से कुछ स्थानीय साइकिल सवार ग्रामीण गुजरे। ग्रामीणों की आहट पाकर बदमाश मौके से भाग गए। इरशाद ने ग्रामीणों को पूरी बात बताई, जिसके बाद ग्रामीणों ने बदमाशों को फटकारा और इरशाद को जांजी चौक तक सुरक्षित ले आए।
चौक से ग्रामीण अपने रास्ते निकल गए और इरशाद अपने घर की ओर बढ़ गए। लेकिन घात लगाए बैठे बदमाशों ने कुछ दूर सुनसान रास्ते पर इरशाद को दोबारा घेर लिया।
पीठ में धंसा चाकू, भागकर बचाई जान
दोबारा घेरे जाने पर जब इरशाद ने अपने पैसे और मोबाइल देने से साफ इंकार किया और विरोध जताया, तो एक बदमाश ने पीछे से उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना तेज था कि चाकू उनकी पीठ में ही धंस गया। लहूलुहान हालत में इरशाद किसी तरह अपनी जान बचाकर भागे और पास की एक किराना दुकान में पहुंचे।
सिम्स में इलाज जारी, पुलिस जांच में जुटी
किराना दुकान संचालक ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए घायल इरशाद को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बिलासपुर के सिम्स रेफर कर दिया गया। फिलहाल अस्पताल में उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद से क्षेत्र के लोगों और एनटीपीसी कर्मियों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।




