
नगर निगम के मनोनीत एल्डरमैनों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ….शहर के विकास को देंगे नई गति…..
बिलासपुर- राज्य शासन द्वारा नगर निगमों, नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों में मनोनीत किए गए एल्डरमैनों के शपथ ग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी क्रम में बिलासपुर नगर निगम के सभी नवमनोनीत एल्डरमैनों का पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण समारोह मिशन हॉस्पिटल रोड स्थित स्वर्गीय लखीराम ऑडिटोरियम में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया।
समारोह में जनप्रतिनिधियों, नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों और अन्य गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में सभी एल्डरमैनों को विधिवत पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के साथ ही उन्होंने नगर निगम की कार्यप्रणाली में सक्रिय भागीदारी निभाने और शहर के विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।
नगर निगम के एल्डरमैन अब निगम की सामान्य सभा की बैठकों में शामिल होकर शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं, अधोसंरचना, स्वच्छता, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था सहित विभिन्न जनहित के मुद्दों पर अपने सुझाव और राय रख सकेंगे। इसके अलावा शासन द्वारा विकास कार्यों के लिए निर्धारित निधि भी उन्हें उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे अपने-अपने क्षेत्रों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को गति दे सकें।
शपथ ग्रहण के बाद सभी नवमनोनीत एल्डरमैनों ने कहा कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे। शहर के समग्र विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार तथा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान को अपनी प्राथमिकता बनाएंगे।
नगर निगम प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि नवमनोनीत एल्डरमैन जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इससे शहर के विकास कार्यों में नई गति आएगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे।



