‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर महिला मोर्चा की वर्चुअल बैठक.. ‘आंगन का उत्सव’ में महिला शक्ति की व्यापक सहभागिता पर बनी कार्ययोजना… स्मृति ईरानी,वानती श्रीनिवासन और रूपकुमारी चौधरी ने दिया मार्गदर्शन..…

दिल्ली/ रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किए जाने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियां तेज हो गई हैं। अभियान के अंतर्गत प्रस्तावित ‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम को लेकर बुधवार को देशभर की भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों के साथ राष्ट्रीय स्तर पर वर्चुअल योजना बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सभी प्रदेशों की महिला मोर्चा अध्यक्ष एवं महामंत्रियों ने वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की। इस दौरान ‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम में महिला मोर्चा की बहनों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने, कार्यक्रम की रूपरेखा, तैयारियों, जनभागीदारी तथा आगामी कार्ययोजना को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी एवं पूर्व राष्ट्रीय महिला मोर्चा अध्यक्ष वानती श्रीनिवासन का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उन्होंने महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं से अभियान को व्यापक जनसहभागिता से जोड़ने तथा सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकारों को केंद्र में रखते हुए कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का आह्वान किया।

इस वर्चुअल बैठक में भाजपा की नवनियुक्त राष्ट्रीय महिला मोर्चा अध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी तथा छत्तीसगढ़ भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष विभा अवस्थी भी शामिल हुईं। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर शुरू होने वाले महीनेभर के सेवा एवं जनसरोकारों से जुड़े आयोजनों को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर तैयार की जा रही रणनीति पर चर्चा की गई।

रूपकुमारी चौधरी ने महिला मोर्चा की राष्ट्रीय जिम्मेदारी के तहत आगामी कार्यक्रमों में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और संगठन की कार्यकर्ताओं को अभियान से व्यापक रूप से जोड़ने की दिशा में आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की। वहीं छत्तीसगढ़ महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती विभा अवस्थी ने प्रदेश में ‘आंगन का उत्सव’ सहित अभियान के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए महिला मोर्चा की कार्ययोजना और सहभागिता को लेकर विचार रखे।

बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से शुरू होने वाले 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक के सेवा संकल्प अभियान को केवल संगठनात्मक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे समाज के विभिन्न वर्गों की व्यापक भागीदारी से जोड़ा जाए। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं के माध्यम से सेवा, सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी के कार्यक्रमों को घर-घर तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।

राष्ट्रीय स्तर की इस बैठक के माध्यम से प्रदेशों को कार्यक्रम की तैयारियों और संगठनात्मक गतिविधियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने महिला शक्ति की सक्रिय सहभागिता के साथ सेवा, समर्पण और जनभागीदारी के इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

भाजपा महिला मोर्चा का मानना है कि महिलाओं की व्यापक सहभागिता से ‘सेवा संकल्प अभियान’ को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाया जा सकेगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा एवं समर्पण के 25 वर्षों की यात्रा को जनभागीदारी के माध्यम से समाज के बीच पहुंचाया जाएगा।

Related Articles

Back to top button