
सब इंस्पेक्टर के सूने मकान में 20 लाख की चोरी….10 ताले तोड़कर जेवर और नकदी ले उड़े चोर…..
बिलासपुर-शहर के आमसी बायपास हिर्री थाना क्षेत्र में स्थित एक सब इंस्पेक्टर के सूने मकान में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने देर रात घर के करीब 10 ताले तोड़कर अलमारी में रखे करीब 12 तोला सोना-चांदी के जेवर और एक लाख रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, रायपुर में पदस्थ सब इंस्पेक्टर जे.पी. साहू अपने परिवार के साथ एक रिश्तेदारी के कार्यक्रम में शामिल होने बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया। घर में घुसने के बाद बदमाशों ने एक-एक कर करीब 10 ताले तोड़े और अलमारी में रखे कीमती जेवर व नकदी लेकर फरार हो गए।
सुबह परिवार के वापस लौटने पर घर के मुख्य दरवाजे और कमरों के ताले टूटे मिले। अंदर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी से जेवर व नकदी गायब थी। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वॉड ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। वहीं, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि चोरी के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। इस वारदात के बाद आमसी बायपास क्षेत्र के रहवासियों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।



