ट्रैफिक सिग्नल के समय में हुआ बदलाव… 18 घंटे की अवधि के लिए हुआ शहर के ट्रैफिक सिग्नल…..सुबह 6 से रात 12 बजे तक होगा संचालित….. स्कूली बच्चों की सुरक्षा और रात में तेज रफ्तार पर लगाम के लिए ट्रैफिक पुलिस का बड़ा फैसला….

बिलासपुर–लगातार बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने बड़ा फैसला लिया है। अब शहर के ट्रैफिक सिग्नल पहले की तुलना में ज्यादा समय तक चालू रहेंगे। पहले जहां सिग्नल का संचालन सुबह 9 बजे से रात 10 बजे तक होता था, वहीं अब सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक यानी पूरे 18 घंटे सिग्नल संचालित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य स्कूली बच्चों की सुरक्षा, तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और देर रात तक यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना है।ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, सुबह 6 बजे से सिग्नल शुरू करने का मुख्य कारण स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा है। शहर में कई स्कूल सुबह 7 बजे से शुरू हो जाते हैं और इस दौरान स्कूल बसें, ऑटो और निजी वाहन बड़ी संख्या में सड़कों पर रहते हैं। सिग्नल बंद रहने से कई चालक तेज रफ्तार में वाहन चलाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।अधिकारियों का कहना है कि सिग्नल केवल वाहनों को रोकने का काम नहीं करता, बल्कि चालकों को यह भी याद दिलाता है कि वे शहर की सीमा में हैं और उन्हें नियंत्रित गति से वाहन चलाना है। हर चौराहे पर रुकने की आदत से वाहन चालकों की रफ्तार अपने आप नियंत्रित होती है और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कम होती है।रात के समय भी सिग्नल संचालन बढ़ाने का फैसला सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि रात 9 बजे के बाद सड़कों पर बाइकर्स, तेज रफ्तार वाहन और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोग अधिक सक्रिय रहते हैं। ऐसे में रात 12 बजे तक सिग्नल चालू रहने से वाहनों की गति पर नियंत्रण रहेगा और नियम तोड़ने वालों पर भी नजर रखी जा सकेगी।हालांकि शहर की कई सड़कें संकरी हैं और लंबे समय तक सिग्नल का पालन करना लोगों के लिए नई चुनौती हो सकती है, लेकिन ट्रैफिक पुलिस का मानना है कि सड़क सुरक्षा के लिए यह बदलाव जरूरी है। गर्मी के मौसम में दोपहर के समय कुछ घंटों के लिए सिग्नल बंद रखने की व्यवस्था थी, लेकिन अब स्कूल खुलने और यातायात बढ़ने के कारण नियमित संचालन पर जोर दिया जा रहा है।

ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से जेब्रा क्रॉसिंग का सम्मान करने और पैदल यात्रियों को प्राथमिकता देने की अपील की है। बरसात के कारण कई स्थानों पर जेब्रा क्रॉसिंग के निशान धुंधले पड़ गए हैं, जिन्हें नगर निगम के सहयोग से जल्द दोबारा स्पष्ट किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि सड़क पर पहला अधिकार पैदल चलने वालों का है और सुरक्षित यातायात व्यवस्था तभी संभव होगी जब सभी नागरिक ट्रैफिक नियमों का ईमानदारी से पालन करें।

Related Articles

Back to top button