सेवा संकल्प अभियान के तहत सिम्स में विश्व वयोवृद्ध दिवस मनाया गया बुजुर्गों का गुलाब देकर सम्मान….. 58 जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मे वितरित…..

बिलासपुर– छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर में सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत विश्व वयोवृद्ध दिवस के अवसर पर वरिष्ठ नागरिक स्वास्थ्य शिविर एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर में वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया। सभी वरिष्ठ नागरिकों को गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया गया तथा नेत्र जांच के बाद 58 जरूरतमंद बुजुर्गों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए।

विभागवार हुई स्वास्थ्य जांच…..
शिविर में मेडिसिन, कान-नाक-गला (ईएनटी) एवं नेत्र रोग विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने वरिष्ठ नागरिकों की जांच की। ईएनटी विभाग में 67 मरीजों की जांच आधुनिक मशीनों से की गई। नेत्र रोग विभाग द्वारा बुजुर्गों की आंखों की जांच की गई, जिसके बाद जरूरतमंद 58 वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क चश्मे प्रदान किए गए। मेडिसिन विभाग में बुजुर्गों की सामान्य एवं पुरानी बीमारियों से संबंधित स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
इस दौरान उच्च रक्तचाप, मधुमेह, जोड़ों में दर्द, कम सुनाई देना, मोतियाबिंद, याददाश्त में कमी सहित वृद्धावस्था में होने वाली सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं की जांच एवं उपचार किया गया। चिकित्सकों ने वरिष्ठ नागरिकों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने तथा बीमारियों के प्रति सजग रहने की सलाह दी।
530 मरीजों की ओपीडी, 90 जेरिएट्रिक मरीज
स्वास्थ्य शिविर में कुल 530 मरीजों की ओपीडी हुई, जिसमें 90 जेरिएट्रिक (वृद्ध) मरीज शामिल रहे। इसके अलावा 25 मरीजों का ईसीजी किया गया तथा 80 मरीजों का आरबीएस, रक्तचाप एवं वजन की जांच की गई।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए सिम्स में विशेष व्यवस्था
सिम्स प्रबंधन द्वारा वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल में विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग पंजीयन काउंटर, दवा वितरण काउंटर एवं पर्ची बनाने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। भर्ती होने वाले बुजुर्ग मरीजों को आयुष्मान कार्ड से संबंधित पंजीयन के लिए लाइन में न लगना पड़े, इसके लिए वार्ड में जाकर ही पंजीयन की व्यवस्था की गई है।
बुजुर्गों की सेवा और सम्मान हमारा दायित्व–डॉ. रमणेश मूर्ति…..
सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि बुजुर्ग हमारे परिवार और समाज की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी सेवा और सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। 60 वर्ष की आयु के बाद शरीर में कई तरह के बदलाव आते हैं, इसलिए छोटी स्वास्थ्य समस्या को भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से नियमित रूप से रक्तचाप, शुगर, आंख और कान की जांच कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि संतुलित भोजन, नियमित पैदल चलना, पर्याप्त नींद और परिवार के साथ समय बिताना स्वस्थ जीवन के लिए महत्वपूर्ण है। सिम्स में वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग काउंटर की व्यवस्था इसी उद्देश्य से की गई है, ताकि उन्हें उपचार के दौरान कम से कम परेशानी हो और सम्मान के साथ समय पर स्वास्थ्य सुविधा मिल सके।
समय पर जांच से गंभीर बीमारियों से बचाव– डॉ. लखन सिंह……
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने कहा कि वृद्धावस्था में होने वाली छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर जांच और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार नियमित उपचार से कई गंभीर बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। सिम्स वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर, सहज और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ. आरती पांडे, मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. अमित ठाकुर, नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ. सुचित सिंह, डॉ. प्रभा सोनवानी, डॉ. विद्या भूषण साहू, डॉ. श्वेता मित्तल, डॉ. कर्णिका रॉय, डॉ. अंजली, डॉ. रूपांजली, डॉ. आशुतोष कोरी, डॉ. सुयश सिंह, डॉ. घनश्याम एवं डॉ. नवनीत सहित चिकित्सक उपस्थित रहे।
नर्सिंग अधीक्षक स्वाती कुमार के साथ सरिता बहादुर, उज्ज्वला दास, नमिता वानी, राजकुमारी चौहान, पिंकी दास सहित नर्सिंग स्टाफ से पुष्पलता शर्मा, योगीता वर्मा, नेहा उरांव, पल्लवी कौमार्य, पपीहा साहा, उर्मिला भगत, प्रांजुल श्रीवास्तव एवं गरिमा पाण्डेय सहित सिम्स के मेडिकल, नर्सिंग, टेक्नीशियन एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button