स्वच्छता सेवा अभियान के तहत अस्वच्छता के खिलाफ नगर निगम की व्यापक कार्रवाई…..कचरा, प्लास्टिक एवं सड़क पर सामग्री रखने वालों पर सख्ती… गिट्टी व पाइप जब्त, ₹6,100 अर्थदंड वसूला…..

बिलासपुर–स्वच्छ और सुंदर बिलासपुर के संकल्प के साथ नगर निगम द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे स्वच्छता सेवा अभियान के तहत शहर के सभी जोन में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर व्यापक कार्रवाई की जा रही है। निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर अभियान के अंतर्गत सार्वजनिक स्थानों पर कचरा एवं प्रतिबंधित प्लास्टिक फैलाने तथा सड़कों पर निर्माण सामग्री रखकर प्रदूषण फैलाने और आवागमन बाधित करने वालों के विरुद्ध निगम की टीमों ने कार्रवाई की।

इसी क्रम में जोन क्रमांक 3 की टीम द्वारा वार्ड क्रमांक 19 में चर्च के सामने सड़क किनारे दो डंपर गिट्टी जब्त किए गए। वहीं जोन क्रमांक 4 में श्रीकांत वर्मा मार्ग के पास सड़क पर रखे 20 नग पाइप जब्त किए गए। जोन क्रमांक 6 में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक रखने एवं उपयोग करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 7 लोगों से प्लास्टिक जब्त कर कुल ₹3,100 का अर्थदंड वसूल किया गया। इसी तरह जोन क्रमांक 8 में भी प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए प्लास्टिक जब्त किया गया तथा 3 लोगों से कुल ₹3,000 का जुर्माना वसूल किया गया। इस प्रकार अभियान के दौरान विभिन्न जोनों में कार्रवाई करते हुए कुल ₹6,100 का अर्थदंड वसूल किया गया। साथ ही प्रतिबंधित प्लास्टिक एवं सड़क पर रखी गई सामग्री को जब्त किया गया।

नगर निगम द्वारा स्पष्ट किया गया है कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने, प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग करने तथा सड़क अथवा सार्वजनिक मार्ग पर सामग्री रखकर आवागमन बाधित करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। निगम की टीमों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने तथा स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button