
ससुराल जाने निकला युवक अगली सुबह सड़क किनारे मृत मिला, परिजन जता रहे हत्या की आशंका….
बिलासपुर–बिल्हा थाना क्षेत्र के देवकिरारी गांव के एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शुक्रवार शाम ससुराल जाने की बात कहकर निकला युवक शनिवार सुबह सड़क किनारे मृत अवस्था में मिला। मृतक की पहचान 30 वर्षीय अशोक निषाद के रूप में हुई है, जो कि मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजन इस मौत को सामान्य नहीं मान रहे और हत्या की आशंका जता रहे हैं।
बताया गया कि अशोक शुक्रवार को शाम 4 बजे घर से निकला था। उसने परिजनों को कहा था कि वह ससुराल जा रहा है, लेकिन न वह वहां पहुंचा और न ही घर लौटा। जब देर रात तक उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। अशोक के ससुराल फोन करने पर भी वहां के लोगों ने कोई जानकारी होने से इनकार कर दिया।
शनिवार सुबह गांव के पास सड़क किनारे एक युवक की लाश देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त अशोक निषाद के रूप में की। मृतक के चेहरे और शरीर पर कीचड़ लगा था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत से पहले कुछ हाथापाई या संघर्ष हुआ हो सकता है। शव के पास महुआ शराब के पैकेट भी मिले हैं।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के कारण का स्पष्ट खुलासा हो सके। परिजनों ने बताया कि अशोक शराब का आदी था, और नशे की हालत में अक्सर घर लौटता था।
हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है – दुर्घटना, नशे की अधिकता या हत्या की आशंका को लेकर। जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ पाएगी।