पूर्व सरपंच की बेरहमी से हत्या! तालाब किनारे खून से लथपथ मिली लाश, जांच में जुटी पुलिस….

बिलासपुर– सकरी थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। ग्राम पंचायत चोरभट्ठी खुर्द के पूर्व सरपंच **मनबोध यादव** की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। गुरुवार सुबह उनका खून से सना शव चोरभट्ठी कला के पास स्थित तालाब की मेढ़ पर मिला, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने शव देखकर घटना की बर्बरता का अंदाजा लगाया और पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है।

रात में निकले थे स्कूटी से, सुबह मिले मृत…..

परिजनों के अनुसार मनबोध यादव बुधवार रात करीब 8 बजे स्कूटी से घर से निकले थे। देर रात तक वापसी न होने पर परिजनों ने उनकी खोज शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। सुबह ग्रामीणों की नजर तालाब की मेढ़ पर पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद सूचना पुलिस को दी गई। शव के सिर व चेहरे पर धारदार हथियार से कई वार पाए गए हैं।

मौके से शराब की बोतलें और संदिग्ध सामान बरामद…

जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से शराब की खाली बोतलें, डिस्पोजल ग्लास और कुछ अन्य वस्तुएं मिली हैं। इससे प्रारंभिक जांच में यह शक गहराया है कि मृतक घटना से पहले कुछ लोगों के साथ मौजूद थे और किसी विवाद के बाद हत्या को अंजाम दिया गया हो सकता है।

सबूत मिटाने स्कूटी को तालाब में फेंका…..

मृतक की स्कूटी तालाब में पाई गई है। पुलिस का मानना है कि आरोपियों ने सबूत मिटाने के इरादे से स्कूटी को पानी में फेंक दिया। स्कूटी को बाहर निकालने का प्रयास जारी है।

फॉरेंसिक टीम मौके पर, महत्वपूर्ण सुराग जुटे…..

घटना के बाद फॉरेंसिक टीम और सकरी थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से मौके की जांच की। टीम ने खून के नमूने, मिट्टी, पैरों के निशान और संभावित हथियार के संकेत जैसे अहम साक्ष्य इकट्ठा किए हैं। इसके साथ ही मृतक की मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और आसपास के CCTV फुटेज की जांच की जा रही है ताकि मृतक के अंतिम समय में साथ रहे लोगों की पहचान हो सके।

ग्रामीणों में आक्रोश, तत्काल गिरफ्तारी की मांग….

पूर्व सरपंच की हत्या से गांव में बेहद तनाव है। ग्रामीणों ने पुलिस पर दबाव बनाया है कि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। उनका कहना है कि मनबोध यादव सामाजिक और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे, इसलिए हत्या के पीछे पुरानी रंजिश से इनकार नहीं किया जा सकता।

पुलिस— वारदात में कई लोगों की भूमिका…..

प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि यह हत्या किसी एक व्यक्ति का काम नहीं है। घटनास्थल से मिले सबूत कई लोगों की संलिप्तता की ओर इशारा कर रहे हैं। पुलिस ने कहा है कि संदिग्धों की पहचान की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button