रात का सफर बना आखिरी सफर….खड़े ट्रक से टकराई बाइक, 3 युवकों की मौके पर मौत…..

बिलासपुर–छत्तीसगढ़ के बालोद–दल्लीराजहरा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार रात लगभग 9 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की जान चली गई। हादसा जमही टोल प्लाजा के पास हुआ, जहां सड़क किनारे खड़े एक अज्ञात ट्रक के पीछे तेज रफ्तार बाइक जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान
विनोद हल्बा, प्रशांत हल्बा और हरीश हल्बा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, तीनों गुजरा गांव के निवासी थे और कुसुमकसा से अपने गांव लौट रहे थे।

हादसे में तीनों के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही दल्लीराजहरा पुलिस मौके पर पहुंची और रात करीब 10 बजे एम्बुलेंस की मदद से शवों को जिला अस्पताल की मर्च्युरी में रखवाया गया। शनिवार को पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।

पुलिस ने बताया कि सड़क पर लापरवाही से खड़े ट्रक के चालक की तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button