एसएसपी रजनेश सिंह की उपस्थिति में जिले के जप्त अवैध नशीले पदार्थ का किया गया”नष्टीकरण……

बिलासपुर–जिले के विभिन्न थानों में जब्त किए गए मादक पदार्थों का गुरुवार को जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति की निगरानी में विधिवत नष्टीकरण किया गया। यह कार्रवाई समिति के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह की उपस्थिति में की गई।

पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिले में अलग-अलग मामलों में जब्त किए गए मादक पदार्थों को सुधा बायो पावर प्राइवेट लिमिटेड मोहतराई स्थित संयंत्र में नष्ट किया गया। यहां विशेष भट्ठी में मादक पदार्थों को जलाकर तथा कुछ सामग्री को रोलर के माध्यम से पूरी तरह नष्ट किया गया, ताकि उनका दोबारा किसी प्रकार से उपयोग न हो सके।

नष्टीकरण की इस प्रक्रिया में बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थ शामिल थे। इनमें कुल 757.603 किलोग्राम गांजा, 16.6 ग्राम एमडीएमए, 12,164 नग टेबलेट व कैप्सूल, 8,818 नग इंजेक्शन एम्पुल तथा 6,468 नग सिरप शामिल रहे। ये सभी पदार्थ जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज मादक पदार्थ तस्करी और अवैध बिक्री के मामलों में जब्त किए गए थे।

पूरी कार्रवाई जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल समिति की मौजूदगी में पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल, सहायक आबकारी आयुक्त नवनीत तिवारी, क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं पंचगण उपस्थित रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। जब्त सामग्री का समय-समय पर नष्टीकरण किया जाता है, जिससे अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके और समाज में नशे के दुष्प्रभाव को कम किया जा सके।

Related Articles

Back to top button