तीन महीने तक घर में होती रही ‘सोने की अदला-बदली’…….. शिकायत के बाद भी पुलिस खामोश!

बिलासपुर/  सकरी क्षेत्र के आसमा सिटी निवासी व्यवसायी सतीश मिश्रा ने एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए पुलिस कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। प्रेस वार्ता में उन्होंने बताया कि उनके ही घर में अक्टूबर से दिसंबर तक करीब तीन महीने तक चोरी की ऐसी वारदात होती रही, जिसमें असली सोने को बड़ी चालाकी से नकली सोने से बदल दिया गया — और हैरानी की बात ये है कि इस दौरान पुलिस को भनक तक नहीं लगी।
सतीश मिश्रा के मुताबिक, उन्होंने इस पूरे मामले की शिकायत 19 फरवरी 2026 और 26 मार्च 2026 को थाने में लिखित रूप से की, लेकिन कार्रवाई के नाम पर अब तक सिर्फ कागजी खानापूर्ति ही नजर आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में कुछ परिचित लोगों की भूमिका संदिग्ध है, बावजूद इसके पुलिस की जांच “रफ्तार पकड़ने के बजाय ठंडी फाइलों में दबी हुई” है।
मामला यहीं खत्म नहीं होता। मिश्रा ने यह भी बताया कि 5 फरवरी से 15 मार्च 2026 के बीच उनके बैंक खाते से सकरी स्थित एटीएम से कई बार पैसे निकाले गए। इसकी जानकारी भी पुलिस को दी गई, लेकिन जांच की दिशा और दशा दोनों ही सवालों के घेरे में हैं।
अब बड़ा सवाल यह है कि जब एक ही व्यक्ति के साथ लगातार चोरी और आर्थिक ठगी की घटनाएं होती रहीं, तो पुलिस आखिर किस ‘सबूत’ का इंतजार कर रही है?
प्रेस वार्ता में सतीश मिश्रा ने साफ कहा कि यदि जल्द ही निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उच्च अधिकारियों के पास जाने और कानूनी लड़ाई लड़ने को मजबूर होंगे।
सवाल उठता है कि ,क्या आम नागरिक की शिकायत पर कार्रवाई अब भी ‘सिफारिश’ की मोहताज है? या फिर कानून का पहरा सिर्फ कागजों तक सीमित रह गया है?

Related Articles

Back to top button