
राइस मिल में बड़ा हादसा….वजनी बोरे की छल्ली के नीचे दबने से हमाल की मौत
बिलासपुर–जिले के तखतपुर क्षेत्र से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आई जहां पर राइस मिल में काम करने वाले एक मजदूर की धान से भरी बोरी के नीचे दबने से दर्दनाक मौत हो गई।इस दर्दनाक हादसे के सामने आने के बाद राइस मिल में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा को लेकर एक सवालिया निशान खड़ा कर दिया। जानकारी के अनुसार खपरी मेन रोड स्थित शिवाय राइस मिल में काम के दौरान धान के बोरे गिरने से एक हमाल की मौके पर ही मौत हो गई।मृतक की पहचान राकेश केवट (निवासी खपरी) के रूप में हुई है।सूत्र के अनुसार बताया जा रहा कि मिल परिसर में काम करते समय अचानक बोरों का संतुलन बिगड़ गया और एक साथ करीब 60 से 70 बोरे मजदूर के ऊपर आ गिरे। भारी वजन के कारण उसे संभलने का मौका नहीं मिला और वह बोरों के नीचे दब गया।हादसा इतना अचानक हुआ कि मौके पर मौजूद लोग तुरंत राहत भी नहीं पहुंचा सके। घटना के बाद मिल में अफरा-तफरी मच गई। काम।करने वाले मजदूर साथियों ने आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।फिलहाल पुलिस इस पुरे मामले की जांच में जुटी हुई है।




