
टायर फटने से फायर ब्रिगेड डिवाइडर पर चढ़ी….. पीछे से कार ने मारी टक्कर…. टला बड़ा हादसा…….
बिलासपुर-शहर में रविवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत जैन इंटरनेशनल स्कूल के सामने फायर ब्रिगेड वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई।इसी दौरान पीछे से आ रही एक कार फायर ब्रिगेड के पिछले हिस्से में जा घुसी। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फायर ब्रिगेड की गाड़ी तखतपुर थाना क्षेत्र के गिदहानाला इलाके में आग बुझाने के बाद वापस लौट रही थी। उसी समय सकरी क्षेत्र में जैन इंटरनेशनल स्कूल के पास एक बारात गुजर रही थी, जिसके चलते सड़क पर भीड़ और वाहनों का दबाव था।
बताया जा रहा है कि अचानक फायर ब्रिगेड वाहन के हेल्पर साइड का टायर फट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे डिवाइडर पर चढ़ गई। घटना इतनी अचानक हुई कि पीछे से आ रही नीले रंग की कार के चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और उसने फायर ब्रिगेड वाहन को पीछे से टक्कर मार दी।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि फायर ब्रिगेड की रफ्तार कम नहीं रहती और फायर ब्रिगेड का वाहन डिवाइडर से नहीं टकराता, तो पास से गुजर रही बारात और अन्य राहगीर इसकी चपेट में आ सकते थे, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।
सूचना मिलते ही सकरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू किया गया। प्राथमिक जांच में हादसे की वजह टायर फटना और सड़क पर भीड़ को माना जा रहा है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और वाहनों को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।


