
खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई….थोक फल मंडी में मचा हड़कंप…. 15 फर्मों की जांच, सड़े-गले फल बेचने वालों को कड़ी चेतावनी…..
बिलासपुर– खाद्य सुरक्षा को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग लगातार सख्त नजर आ रहा है। नियंत्रक महोदय, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के निर्देश तथा कलेक्टर महोदय के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे तीन दिवसीय विशेष अभियान के दूसरे दिन गुरुवार 28 मई 2025 को शहर की थोक फल मंडी में व्यापक जांच अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान विभागीय टीम ने 15 थोक फल विक्रेता फर्मों का निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया।
जांच के दौरान अधिकारियों ने फल मंडी में साफ-सफाई की स्थिति, फलों के भंडारण, विक्रय व्यवस्था तथा खाद्य सुरक्षा नियमों का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम ने व्यापारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़े-गले एवं खराब फलों का किसी भी स्थिति में विक्रय न किया जाए। साथ ही फलों को कृत्रिम तरीके से पकाने के लिए अवैध एवं हानिकारक रसायनों का उपयोग नहीं करने की सख्त चेतावनी भी दी गई।
निरीक्षण के दौरान कई व्यापारियों को खाद्य पंजीयन एवं लाइसेंस संबंधी आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि सभी कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के प्रावधानों का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। नियमों की अनदेखी पाए जाने पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से फल मंडी में हड़कंप की स्थिति देखी गई। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान लगातार जारी रहेगा तथा आगामी दिनों में अन्य बाजारों और खाद्य प्रतिष्ठानों की भी जांच की जाएगी।



