
एलएलबी छात्र पर ब्लेड से जानलेवा हमला….गर्दन पर गंभीर चोट….परीक्षा देकर लौटते समय हुआ विवाद…..
बिलासपुर-शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एलएलबी के एक छात्र पर ब्लेड से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में छात्र की गर्दन पर गंभीर चोट आई है, जिसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।मिली जानकारी के अनुसार, सरकंडा क्षेत्र में किराये के मकान में रहकर कानून की पढ़ाई कर रहे साहिल बर्मन सोमवार को कोसलेन्द्र राव लॉ कॉलेज में आयोजित एलएलबी सेकेंड सेमेस्टर की परीक्षा देने पहुंचे थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद वह कॉलेज परिसर से बाहर निकले और अपने साथियों के साथ कुछ देर परीक्षा को लेकर चर्चा करते रहे।
इसी दौरान जवाली पुल के पीछे रहने वाले समीर नामक युवक से उनकी मुलाकात हुई। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद का रूप ले लिया।बसाहिल के साथ मौजूद अन्य छात्र वहां से अपने किराये के कमरे के लिए रवाना हो गए, जबकि साहिल और समीर वहीं रुक गए।दोपहर करीब तीन बजे साहिल बर्मन ने अपने एक साथी को फोन कर बताया कि समीर ने विवाद के दौरान उसे जान से मारने की धमकी दी और अपने पास रखे ब्लेड से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया। हमले के बाद घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया गया।
सूचना मिलते ही उसका साथी सिम्स अस्पताल पहुंचा, जहां साहिल खून से लथपथ हालत में इमरजेंसी वार्ड में भर्ती मिला। डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। गर्दन पर गंभीर चोट होने के कारण घटना को गंभीर माना जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस सक्रिय हुई और अस्पताल पहुंचकर घायल छात्र का बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है तथा आरोपी युवक की तलाश के साथ पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद घटना के कारणों और दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं कॉलेज परिसर से जुड़े इस हमले की घटना ने छात्रों में भी चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।



