
गाली-गलौज के विवाद में युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या….. एक आरोपी हिरासत में….दूसरे की तलाश जारी
बिलासपुर–छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आ रही जहां एक युवक की मामूली से विवाद में हत्या कर दी गई। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 46 स्थित नयापारा गणेश नगर में एक युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंगलवार सुबह गली में खून से लथपथ शव मिलने के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान इरफान खान उर्फ बघीरा (26 वर्ष), पिता शेख खलील खान, निवासी नयापारा गणेश नगर के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह जब मोहल्लेवासी घरों से बाहर निकले तो उन्होंने गली के बीच युवक का शव पड़ा देखा। शव के आसपास काफी मात्रा में खून फैला हुआ था। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की। घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान पुलिस को शव के पास सीमेंट के दो बड़े पोलनुमा पत्थर मिले हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं पत्थरों से हमला कर युवक की हत्या की गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक का परिचय क्षेत्र के दो सगे भाइयों से था। प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि घटना से पहले मृतक और दोनों भाई एक साथ बैठकर नशा कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो बाद में गाली-गलौज और विवाद में बदल गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों भाइयों ने मिलकर इरफान पर हमला कर दिया और भारी पत्थरों से वार कर उसकी हत्या कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एक संदिग्ध आरोपी नईम खान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं उसके भाई की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।



