
महिला संवाद एवं सशक्तीकरण कार्यक्रम “चाय पर चर्चा” का आयोजन संपन्न
बिलासपुर–महिलाओं के मध्य संवाद, विचार-विमर्श एवं सामाजिक जागरूकता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से “महिला संवाद एवं सशक्तीकरण कार्यक्रम – चाय पर चर्चा” का आयोजन शनिवार, 20 जून 2026 को सायं 3 बजे से 4 बजे तक होटल रीति रिवाज, सिपत चौक, बिलासपुर (छत्तीसगढ़) में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को एक सकारात्मक मंच प्रदान करना था, जहाँ वे अपने विचार साझा कर सकें तथा नई संभावनाओं एवं आत्मविकास के विभिन्न आयामों पर चर्चा कर सकें। कार्यक्रम का मूल संदेश था – “आइए, संवाद करें – विचार साझा करें – नई संभावनाओं की ओर बढ़ें।”

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में भारवी वैष्णव उपस्थित रहीं। उन्होंने महिला सशक्तीकरण, सामाजिक सहभागिता एवं मातृशक्ति की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए। वे सीजी कॉलेज ऑफ नर्सिंग, रायपुर-बिलासपुर में प्रशासनिक अधिकारी होने के साथ-साथ धर्मजागरण समन्वय (मातृशक्ति कार्य) की प्रांत सह-संयोजिका तथा भारतीय स्त्री शक्ति, छत्तीसगढ़ की प्रांत सचिव हैं।

विशिष्ट वक्ता के रूप में रसिका पाण्डेय पत्रकार एवं भारतीय स्त्री शक्ति की सदस्य ने महिलाओं की अभिव्यक्ति, जागरूकता और सामाजिक नेतृत्व की आवश्यकता पर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम में अभिभावक के रूप में गणेश कुमार विभाग प्रचारक, बिलासपुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने “राष्ट्र निर्माण में मातृशक्ति की भूमिका” तथा “माताओं के सृजन के अधिकार एवं उत्तरदायित्व” विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि सशक्त एवं संस्कारित मातृशक्ति ही सशक्त समाज और राष्ट्र की आधारशिला है। उन्होंने परिवार और समाज में महिलाओं की निर्णायक भूमिका को रेखांकित करते हुए मातृशक्ति को राष्ट्र के भविष्य के निर्माण की प्रमुख शक्ति बताया।
कार्यक्रम का आयोजन बिंदु सिंह कछवाहा, अध्यक्ष – गर्गी फाउंडेशन के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए संवाद और विचार-विनिमय के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प व्यक्त किया।




