
आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने आंध्र प्रदेश में शहरी विकास परियोजनाओं एवं केंद्रीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की…..
बिलासपुर/विजयवाड़ा/अमरावती–केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद तोखन साहू ने आंध्र प्रदेश प्रवास के दौरान विजयवाड़ा में केंद्रीय लोक निर्माण विभाग , नेशनल बिल्डिंग्स कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन एवं हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक कर विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता, समयबद्ध क्रियान्वयन तथा भावी कार्ययोजना का आकलन किया।

बैठक के दौरान श्री साहू ने जनहित से जुड़े निर्माण एवं अधोसंरचना विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता तथा राज्य सरकार के साथ बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

केंद्रीय मंत्री ने सभी परियोजना स्थलों पर सूचना पट्ट स्थापित कर कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही परियोजनाओं के हस्तांतरण के चार से पांच वर्ष पश्चात उपयोगकर्ता एजेंसियों से फीडबैक प्राप्त कर कार्यों की गुणवत्ता एवं दीर्घकालिक उपयोगिता का मूल्यांकन करने को कहा। उन्होंने सीपीडब्ल्यूडी अधिकारियों को नियमों के अनुरूप ठेकेदारों को आवश्यक सहयोग प्रदान करते हुए लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए।

श्री साहू ने शहरी विकास परियोजनाओं के लिए वित्तीय सहायता एवं ऋण सहयोग प्रदान करने में हुड़को की भूमिका की सराहना की। वहीं एनबीसीसी को पुनर्विकास परियोजनाओं का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अपने प्रवास के दौरान केंद्रीय मंत्री ने अमरावती सहित विभिन्न परियोजना स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अमरावती में विकसित किए जा रहे ग्रेविटी कैनाल प्रोजेक्ट का अवलोकन किया, जो बाढ़ प्रबंधन एवं शहरी मनोरंजन सुविधाओं से जुड़ी एक अभिनव परियोजना है। उन्होंने इस परियोजना को सतत शहरी विकास एवं नागरिक जीवन की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया तथा राज्य सरकार एवं कार्यान्वयन एजेंसियों के प्रयासों की सराहना की।

श्री साहू ने विजयवाड़ा स्थित प्रसिद्ध श्री कनक दुर्गा मंदिर में दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं देशवासियों की सुख-समृद्धि तथा विकास की कामना की।

इसके पश्चात केंद्रीय मंत्री ने आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा हेतु राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में आंध्र प्रदेश सरकार के नगर प्रशासन एवं शहरी विकास मंत्री श्री पोंगुरु नारायण, स्वच्छ आंध्र कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्री कोम्मारेड्डी पट्टाभि राम तथा प्रबंध निदेशक श्री बी. अनिल कुमार रेड्डी भी उपस्थित रहे।

बैठक में स्वच्छ भारत मिशन, अटल मिशन फॉर रीजुवनेशन एंड अर्बन ट्रांसफॉर्मेशन सहित विभिन्न प्रमुख योजनाओं की समीक्षा की गई। श्री साहू ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों की संख्या बढ़ाने तथा राज्यभर में इसके व्यापक विस्तार के निर्देश दिए। उन्होंने सभी चल रही विकास परियोजनाओं को मार्च 2027 तक पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया।

मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू से विकास एवं शहरी अधोसंरचना पर चर्चा,अर्बन चैलेंज फंड की संभावनाओं पर हुआ विचार-विमर्श…..
संध्या समय केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री एन. चंद्रबाबू नायडू से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने राज्य में विकास कार्यों की गति की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार के नेतृत्व में लंबे समय से लंबित परियोजनाओं को तेजी से पूर्ण किया जा रहा है। उन्होंने अमरावती परियोजना की प्रगति पर मुख्यमंत्री को बधाई दी तथा विकास कार्यों को और गति देने का आग्रह किया।

बैठक के दौरान श्री साहू ने मुख्यमंत्री को केंद्र सरकार की ‘अर्बन चैलेंज फंड’ पहल की जानकारी देते हुए राज्य में शहरी अधोसंरचना विकास, नवाचार आधारित शहरी नियोजन एवं सतत विकास परियोजनाओं के लिए उपलब्ध संभावनाओं पर चर्चा की।

केंद्रीय मंत्री ने आंध्र प्रदेश सरकार की गृह एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्रीमती वंगलापुडी अनिता से भी भेंट कर शहरी विकास एवं जनकल्याण से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श किया।
दिनभर के व्यस्त कार्यक्रमों के उपरांत तोखन साहू तिरुपति के लिए रवाना हुए, जहां वे तिरुपति स्मार्ट सिटी परियोजनाओं एवं अन्य शहरी विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा हेतु अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।



