मछली चोरी की रंजिश में खूनी खेल…… स्कॉर्पियो से बाइक को मारी टक्कर…फिर खेत में दौड़ा- दौड़ाकर युवक की निर्मम हत्या….

बिलासपुर– रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नवागांव में शनिवार रात मछली चोरी को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश ने ऐसा खूनी मोड़ ले लिया कि एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि उसका साथी किसी तरह जान बचाकर भाग निकला।

वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कर्रा निवासी तीरिथ यादव और श्याम सिंह खुंटाघाट बांध के पास चौकीदारी का कार्य करते थे। शनिवार रात करीब 9 बजे दोनों अपनी हीरो मोटरसाइकिल सीजी 10 ईएफ 7425 से कर्रा से खूंटाघाट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नवागांव के पास सफेद रंग की स्कॉर्पियो सीजी 12 आर 1197 में सवार गोलू धीवर, अनीश धीवर समेत करीब आधा दर्जन लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने पहले जानबूझकर बाइक को साइड से टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शी श्याम सिंह के मुताबिक, बाइक से गिरते ही हमलावरों ने दोनों पर लाठी-डंडों से हमला शुरू कर दिया। जान बचाने के लिए तीरिथ यादव खेत की ओर भागा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा किया और दौड़ाकर उसे बेरहमी से पीटा। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं श्याम सिंह किसी तरह हमलावरों के चंगुल से बचकर अपने घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। स्थानीय लोगों के अनुसार इस हत्याकांड की जड़ कुछ दिन पहले हुई मछली चोरी की घटना है। बताया जा रहा है कि तीरिथ यादव ने कथित रूप से गोलू धीवर को मछली चोरी करते हुए पकड़ लिया था और उसका वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया था। इस बात से नाराज होकर गोलू ने उसका मोबाइल छीनकर तोड़ दिया था। इस मामले की शिकायत रतनपुर थाने में भी की गई थी। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। बताया जाता है कि मोबाइल बनवाने के लिए गोलू ने एक हजार रुपये भी दिए थे, लेकिन इसके बावजूद दोनों पक्षों के बीच मनमुटाव और तनाव खत्म नहीं हुआ। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए सुनियोजित तरीके से घात लगाकर इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Related Articles

Back to top button