रिटायर्ड पुलिस इंस्पेक्टर ने घर में फांसी लगकर की आत्महत्या…. जांच में जुटी सरकंडा पुलिस…..

बिलासपुर–छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से एक बड़ी खबर निकलकर सामने आई।जहां पर एक रिटायर्ड पुलिस इंस्पेक्टर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।सरकंडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत चटर्जी गली में मंगलवार शाम पुलिस विभाग के सेवानिवृत्त निरीक्षक सीताराम गुप्ता अपने ही घर में फांसी के फंदे पर लटके मिले। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर में मौजूद थे, लेकिन वे अलग-अलग कमरों में थे। शाम करीब पांच बजे सीताराम गुप्ता अपने कमरे में गए थे। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो वे फांसी के फंदे पर लटके हुए थे। यह दृश्य देखते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने तत्काल आसपास के लोगों को सूचना दी और पुलिस को बुलाया।
सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ परिजनों के बयान भी दर्ज किए हैं।
सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि मृतक पुलिस विभाग से निरीक्षक पद से सेवानिवृत्त हुए थे। प्रारंभिक जांच में मौके से कोई सुसाइड नोट या आत्महत्या के स्पष्ट कारण से जुड़ा कोई साक्ष्य नहीं मिला है। ऐसे में पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल आत्मघाती कदम उठाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और जांच में सामने आने वाले अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। लंबे समय तक पुलिस विभाग में सेवाएं देने वाले सेवानिवृत्त निरीक्षक की इस तरह हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनका जवाब अब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेगा।

Related Articles

Back to top button