सीपत रोड पर दो दिन पुराना युवक का मिला शव…..शरीर पर चोट के निशान…. हत्या के एंगल से जांच…..

बिलासपुर–बिलासपुर-सीपत रोड स्थित चावला ग्रीन्स के पास गुरुवार को एक अज्ञात युवक का करीब दो दिन पुराना शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव से दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों को संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सरकंडा थाना और मोपका चौकी पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में मृतक के हाथ पर टैटू बना हुआ मिला है। इसके अलावा शरीर पर चोट के कई निशान भी पाए गए हैं। इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं कर रही है और हर पहलू से जांच की जा रही है।
घटनास्थल पर फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को बुलाकर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि युवक की पहचान और घटना से जुड़े सुराग मिल सकें।
पुलिस के अनुसार शव लगभग दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button