
वकील संघ चुनाव…..कोर्ट परिसर में चुनावी माहौल गरमाया…..14 पदों के लिए 49 प्रत्याशी मैदान में….बजरंगबली मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद हुआ भोग-भंडारा…..
बिलासपुर-जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव को लेकर न्यायालय परिसर में चुनावी सरगर्मियां चरम पर पहुंच गई हैं। चुनाव प्रचार के अंतिम दौर में प्रत्याशी लगातार अधिवक्ताओं से जनसंपर्क कर अपने पक्ष में समर्थन जुटा रहे हैं। इस बार 14 पदों के लिए 49 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जिससे मुकाबला काफी रोचक हो गया है।
चुनावी माहौल के बीच प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों के साथ न्यायालय परिसर स्थित बजरंगबली मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर जीत की कामना की। पूजा के उपरांत अधिवक्ताओं और उपस्थित लोगों के लिए भोग-भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में वकीलों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान कोर्ट परिसर में चुनावी चर्चा और प्रत्याशियों के समर्थन में माहौल देखने को मिला।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 25 जुलाई को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके बाद 26 जुलाई को मतगणना होगी और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनाव को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अनुराग वाजपेई ने कहा कि यदि अधिवक्ताओं का आशीर्वाद मिला तो उनकी पहली प्राथमिकता वकीलों की समस्याओं का त्वरित समाधान, न्यायालय परिसर में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा करना होगी।
वहीं, सचिव पद के प्रत्याशी रवि पांडे ने बताया कि 25 जुलाई को सुबह 10 बजे से मतदान शुरू होगा, जो शाम 5 बजे तक चलेगा। 26 जुलाई को मतगणना के बाद परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की।
कोर्ट परिसर में पूरे दिन प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की सक्रियता बनी रही। जनसंपर्क, बैठकों और चुनावी चर्चाओं के बीच अधिवक्ताओं में चुनाव को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अब सभी की निगाहें 25 जुलाई के मतदान और 26 जुलाई को आने वाले चुनाव परिणाम पर टिकी हैं



