चप्पल बचाने की कोशिश में चली गई जान…विंध्यासर एनीकट में तेज बहाव ने छीनी राजमिस्त्री की जिंदगी……

बिलासपुर–विंध्यासर एनीकट में एक छोटी सी लापरवाही दर्दनाक हादसे में बदल गई। घोंघा नदी में एनीकट पार कर रहे एक युवक की चप्पल तेज बहाव में बह गई। उसे पकड़ने की कोशिश में युवक का संतुलन बिगड़ा और वह गहरे पानी में समा गया। करीब दो घंटे की तलाश के बाद एसडीआरएफ ने उसका शव बरामद किया।मृतक की पहचान 38 वर्षीय मुकेश उर्फ हेतराम साहू, निवासी बिलासपुर के रूप में हुई है। वह पेशे से राजमिस्त्री था। गुरुवार शाम करीब चार बजे वह विंध्यासर एनीकट पार कर रहा था। इसी दौरान उसकी चप्पल पानी में बह गई। चप्पल उठाने के लिए जैसे ही वह आगे बढ़ा, तेज बहाव ने उसे अपनी चपेट में ले लिया और वह गहरे पानी में डूब गया।घटना को देख मौजूद लोगों ने तत्काल सकरी पुलिस को सूचना दी। पुलिस और एसडीआरएफ की गोताखोर टीम मौके पर पहुंची। तेज बहाव और अधिक गहराई के बीच करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद शाम लगभग छह बजे युवक का शव पानी से बाहर निकाला गया।शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में एनीकट पर पानी का बहाव बेहद तेज रहता है, फिर भी लोग जोखिम उठाकर इसे पार करते हैं। यह हादसा बरसात के दौरान जलाशयों और एनीकट के पास अतिरिक्त सावधानी बरतने की एक बड़ी चेतावनी बनकर सामने आया है।

Related Articles

Back to top button