डीजीपी अरुण देव गौतम पहुंचे न्यायधानी…..हेल्थ कैंप की सराहना…… सर्पदंश मुआवजा मामले की जांच में पुलिस के कार्य की तारीफ…..

बिलासपुर- छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अरुण देव गौतम बुधवार को बिलासपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पुलिस परिवारों के लिए आयोजित हेल्थ कैंप शिविर में शामिल होकर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर पुलिस परिवारों के लिए काफी उपयोगी हैं। समय-समय पर स्वास्थ्य जांच होने से बीमारियों की शुरुआती अवस्था में पहचान की जा सकती है और समय रहते उपचार कराया जा सकता है।
डीजीपी गौतम ने कहा कि हेल्थ कैंप के माध्यम से पुलिस परिवारों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ ही विभिन्न बीमारियों की जांच और उनके बचाव का संदेश भी पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने इस पहल को पुलिस परिवारों के हित में महत्वपूर्ण बताया।
नक्सलवाद के खिलाफ मिली बड़ी सफलता…..
छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ चल रही कार्रवाई को लेकर डीजीपी ने कहा कि प्रदेश ने लंबे संघर्ष के बाद बड़ी सफलता हासिल की है। उन्होंने इसे प्रदेश की सुरक्षा और बस्तर के लोगों की जीत बताया। डीजीपी ने कहा कि सुरक्षा बलों और आम लोगों के लंबे संघर्ष के बाद यह उपलब्धि हासिल हुई है।
थाना प्रभारियों और पुलिसिंग को लेकर दिए निर्देश…..
थाना प्रभारियों की कार्यप्रणाली और थानों की व्यवस्था को लेकर पूछे गए सवाल पर डीजीपी अरुण देव गौतम ने कहा कि यदि गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया जाए तो पुलिस की कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने प्रभावी पुलिसिंग के लिए थाना स्तर पर बेहतर कार्यप्रणाली और जिम्मेदारी के साथ काम करने पर जोर दिया।
बीट सिस्टम को लेकर डीजीपी ने कहा कि बीट सिस्टम एक महत्वपूर्ण व्यवस्था है। इसे केवल व्यवस्था के तौर पर लागू करने के बजाय प्रभावशाली ढंग से जमीन पर उतारना जरूरी है, ताकि पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर संपर्क स्थापित हो सके तथा क्षेत्र की समस्याओं और अपराधों की जानकारी समय पर पुलिस तक पहुंच सके।
कमिश्नरेट व्यवस्था पर बोले—सरकार का नीतिगत निर्णय
बिलासपुर में पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था लागू किए जाने के सवाल पर डीजीपी गौतम ने कहा कि यह सरकार का नीतिगत निर्णय है। इस संबंध में निर्णय शासन स्तर पर लिया जाएगा।
सर्पदंश मुआवजा मामले में बिलासपुर पुलिस की तारीफ…….
छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित सर्पदंश मुआवजा मामले को लेकर डीजीपी अरुण देव गौतम ने बिलासपुर पुलिस की कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह और बिलासपुर पुलिस टीम के कार्य की तारीफ करते हुए कहा कि पूरे मामले की पारदर्शिता के साथ जांच की गई है और पुलिस ने उत्कृष्ट कार्य किया है।
डीजीपी ने संकेत दिया कि मामले में सामने आए आर्थिक अपराधों की विवेचना भी आगे की जाएगी। सर्पदंश मुआवजा घोटाले की जांच को लेकर उन्होंने कहा कि इस मामले में विशेषज्ञ टीम से जांच कराने की अनुशंसा की गई है, ताकि पूरे मामले की तकनीकी और तथ्यात्मक रूप से विस्तृत जांच हो सके।
पुलिस कल्याण अस्पताल सहित विभिन्न स्थानों का निरीक्षण…..
हेल्थ कैंप में शामिल होने के बाद डीजीपी अरुण देव गौतम ने पुलिस कल्याण अस्पताल, रक्षित निरीक्षक (आरआई) के नवनिर्मित कार्यालय सहित पुलिस विभाग से जुड़े विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद डीजीपी ने अमर जवान शहीद स्मारक पहुंचकर शहीद जवानों को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद।पूरे कार्यक्रम के दौरान बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, रक्षित निरीक्षक भूपेंद्र गुप्ता सहित जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button