
हत्या की साजिश में मुख्य आरोपी गिरफ्तार…..पहले आरोपियों को उपलब्ध कराया था पैसा….
बिलासपुर -तारबाहर थाना क्षेत्र में कांग्रेस नेता श्याम कश्यप पर जानलेवा हमले की साजिश के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी नवीन पटेल (38) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने श्याम कश्यप की हत्या कराने के लिए दीपक तिवारी को पैसे उपलब्ध कराए थे।
मामले में प्रार्थी शिशिर कश्यप की रिपोर्ट पर 4 जुलाई 2026 को अपराध दर्ज किया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक श्याम कश्यप सुबह मॉर्निंग वॉक पर रेलवे अस्पताल के पास पहुंचे थे, तभी तीन नकाबपोश युवकों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उनके साथ मारपीट की थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर एएसपी क्राइम मधुलिका सिंह, एएसपी शहर पंकज पटेल, सीएसपी गगन कुमार और डीएसपी क्राइम सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में थाना तारबाहर एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई।
पुलिस ने इस मामले में पूर्व में नितिन टेकाम, साहिल सोनकर और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान नवीन पटेल की भूमिका सामने आने पर उसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में पुलिस के अनुसार उसने श्याम कश्यप की हत्या के लिए दीपक तिवारी को पैसे उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की। आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।




