
पुलिस की बड़ी कार्रवाई……23 संदिग्ध व्यक्तियों को रायपुर भेजा गया…..
बिलासपुर–अवैध अप्रवासियों, घुसपैठियों और बिना वैध दस्तावेजों के निवासरत संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और सत्यापन को लेकर बिलासपुर पुलिस ने बड़ा अभियान शुरू किया है। राज्य शासन के निर्देश के बाद पुलिस ने जिले में विशेष जांच और चेकिंग अभियान चलाया।
उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक IUCAW श्रीमती रश्मिता कौर चावला के नेतृत्व में 7 निरीक्षकों सहित विशेष टास्क फोर्स यानी STF का गठन किया गया। इसके साथ ही सभी थाना प्रभारियों को संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और उनके दस्तावेजों के सत्यापन के निर्देश दिए गए।
विशेष टास्क फोर्स ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में जांच और छापामार कार्रवाई करते हुए संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी जुटाई। जांच के दौरान कई ऐसे लोग सामने आए, जिनकी पहचान और मूल निवास से जुड़े दस्तावेजों का सत्यापन जरूरी पाया गया।
दस्तावेजों की प्रमाणिकता की जांच के लिए बिलासपुर पुलिस की विशेष टीम पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और जंगीपुर भी पहुंची। वहां पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों से मुलाकात कर संदिग्ध व्यक्तियों से जुड़ी जानकारी और दस्तावेज साझा किए गए। पुलिस को सीमावर्ती क्षेत्रों से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य भी मिले।
प्रारंभिक जांच के आधार पर थाना सिरगिट्टी क्षेत्र में निवासरत 23 संदिग्ध व्यक्तियों को 4 सितंबर 2026 को पहचान और दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने तक रायपुर स्थित होल्डिंग/डिटेंशन सेंटर भेजा गया है।
वहीं, आम नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों और बिना वैध दस्तावेजों के निवासरत व्यक्तियों के संबंध में सूचना देने की अपील की गई है। इसके लिए बिलासपुर पुलिस ने टोल-फ्री नंबर 1800-233-1905 जारी किया है।
पुलिस के मुताबिक, अभियान से पहले भी संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। अभिलेख के अनुसार पूर्व में दो मामलों में कार्रवाई की गई थी, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति के खिलाफ जुलाई 2025 में बांग्लादेश निर्वासन की कार्रवाई की गई थी।
बिलासपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध घुसपैठ और बिना वैध दस्तावेजों के निवासरत व्यक्तियों की पहचान को लेकर यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।




