
स्वच्छता ही सेवा और सेवा संकल्प अभियान के तहत निगम और गुरु घासीदास विश्वविद्यालय के छात्रों ने चलाया संयुक्त स्वच्छता अभियान….17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे अभियान के तहत श्री राम सेतु,रिवर व्यू और अटल पथ के घाट एवं नदी क्षेत्र में किया गया श्रमदान…..
बिलासपुर–शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक स्वच्छता ही सेवा अभियान एवं सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज नगर निगम बिलासपुर एवं गुरु घासीदास विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा संयुक्त रूप से व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान श्री राम सेतु के नीचे, रिवर व्यू तथा अटल पथ के घाट एवं नदी क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे समेत अधिकारी-कर्मचारियों एवं विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने श्रमदान करते हुए नदी एवं घाट क्षेत्र में जमा कचरे की सफाई की तथा आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाने का कार्य किया। इस दौरान नगर निगम और छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए आम नागरिकों से भी अपील की कि नदी, घाट, सार्वजनिक स्थल एवं शहर के अन्य स्थानों पर कचरा न फैलाएं और कचरे का उचित निपटान करें। आज के सामूहिक सफाई अभियान में निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे,एमआईसी सदस्य श्याम साहू,अधीक्षण अभियंता एसपी साहू,स्वास्थ्य अधिकारी प्रवेश कश्यप,ईई ललित त्रिवेदी,सब इंजीनियर देव मरकाम,पीआईयू अमित गोस्वामी, शरद पाण्डेय,यश गुप्ता,विवि के छात्र सूरज साहू,खीरसागर,नवीन,ऋषभ,शुभांश
अंकित,सुरज पाठक समेत बड़ी संख्या में निगम कर्मचारी और आमजन उपस्थित रहें।
निगम कमिश्नर ने दिलाई स्वच्छता की शपथ…..
अभियान के दौरान नगर निगम कमिश्नर श्री प्रकाश कुमार सर्वे ने उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं, अधिकारी-कर्मचारियों एवं सहभागियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन या अभियान तक सीमित रहने वाला कार्य नहीं है, बल्कि इसे हमारी दैनिक आदत और सामूहिक जिम्मेदारी बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे स्वच्छता ही सेवा एवं सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से स्वच्छता के साथ जनभागीदारी और सेवा भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे अभियानों में युवाओं और विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी समाज के अन्य लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करती है।
श्री सर्वे ने कहा कि नदी और उसके घाट केवल शहर की सुंदरता का हिस्सा नहीं, बल्कि हमारे पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों की धरोहर हैं। इन्हें स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने अभियान में सक्रिय सहभागिता के लिए गुरु घासीदास विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों की सराहना की।ङ
नगर निगम द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता, श्रमदान, जनजागरूकता एवं स्वच्छता संबंधी गतिविधियों का आयोजन निरंतर किया जा रहा है।




