
लंबित प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं….. समय-सीमा में पूरा करें सभी कार्य…..निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने ली समीक्षा बैठक…..राजस्व वसूली…..पीएमवाय….स्वच्छता, शिकायतों एवं निर्माण कार्यों की व्यापक समीक्षा…..
बिलासपुर– नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने दृष्टि सभाकक्ष में निगम के सभी प्रमुख विभागों की समीक्षा बैठक लेकर योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं और नागरिक सेवाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो तथा लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। इसके साथ ही राजस्व वसूली, प्रधानमंत्री आवास योजना, PM स्वनिधि योजना एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई। कमिश्नर ने राजस्व वसूली में तेजी लाने तथा बकाया राजस्व की वसूली के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
CM हेल्पलाइन, TL, PMO, PGN, ऑनलाइन शिकायत, सुशासन तिहार के आवेदन, लोक सेवा गारंटी एवं निदान 1100 से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने अधिकारियों को शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों की शिकायतों के निराकरण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
गणेश विसर्जन की तैयारियों की भी समीक्षा…..
आगामी गणेश विसर्जन को देखते हुए विसर्जन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की गई। कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को समय रहते सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अतिक्रमण और जर्जर भवनों पर कार्रवाई के निर्देश…..
बैठक में फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने, जर्जर हॉस्टलों एवं अन्य जर्जर संस्थानों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। शहर की स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख मार्गों एवं बाजार क्षेत्रों में नियमित निगरानी और सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने कहा गया।इसके अलावा OBC सर्वे की ऑनलाइन एंट्री, सुप्रीम कोर्ट एवं हाई कोर्ट के प्रकरण, प्रधानमंत्री गतिशक्ति योजना, गौधाम योजना एवं कांजी हाउस संचालन की भी समीक्षा की गई। कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों से प्रकरणवार जानकारी लेते हुए लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और गति पर जोर…..
निगम क्षेत्र में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों की विभागवार समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएं तथा जिन कार्यों में प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है, उनमें आवश्यक गति लाई जाए।
बैठक में समस्त विभाग प्रमुख, मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता, उपायुक्त, जोन कमिश्नर, कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, उप अभियंता, राजस्व अधिकारी, ARO, PIU, स्वच्छता निरीक्षक एवं CLTC के अधिकारी उपस्थित रहें।




