मोबाइल चोरी कर यूपीआई से 2.84 लाख रुपये निकालने वाले चार आरोपी गिरफ्तार….. स्क्रीन लॉक खोलकर आधार की फोटो से रीसेट किए फोन….. ऑनलाइन गेमिंग आईडी में भी डाली रकम…. 75 हजार का सामान बरामद

बिलासपुर– मदद के बहाने मोबाइल चोरी कर उसके स्क्रीन लॉक को खोलने और आधार संबंधी जानकारी के जरिए UPI एप्लीकेशन रीसेट कर बैंक खातों से लाखों रुपये निकालने के मामले में चकरभाठा पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी सूरज सतनामी ने 25 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई थी कि 8 सितंबर की रात करीब 11 बजे तेज बारिश के कारण वह इंडियन कॉफी हाउस चकरभाठा के पास रुका था। इसी दौरान वह अचानक बेहोश होकर गिर गया। होश आने पर वह सिम्स अस्पताल में भर्ती मिला और उसका मोबाइल फोन गायब था।
स्वास्थ्य में सुधार के बाद जब उसने दूसरे सिम को मोबाइल में लगाया तो उसे UPI ट्रांजेक्शन के संदेश मिला।जिसमें उसके और उसकी मां के बैंक खातों से कुल 2 लाख 84 हजार रुपये निकाले गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। गवाहों के बयान तथा बैंक संबंधी जानकारी के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने मदद करने के बहाने मोबाइल चोरी करना, स्क्रीन लॉक खोलना और मोबाइल में मौजूद गैलरी से आधार कार्ड की फोटो की जानकारी लेकर PhonePe व Paytm जैसे UPI माध्यमों को रीसेट करना स्वीकार किया। इसके बाद बैंक खातों से रकम निकालकर आरोपी गौरीशंकर से जुड़े खाते में ट्रांसफर करने तथा ऑनलाइन गेमिंग आईडी में रकम डालने की बात सामने आई।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन—दो वीवो, एक पोको और एक आईफोन—एक पावर बैंक, खरीदे गए कपड़े तथा 15 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में विवेक वर्मा (20), करन नायक (18 वर्ष 9 माह), गौरी शंकर साहू उर्फ लालू (18 वर्ष 8 माह) और गगन उर्फ शिबू साहू (25) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

Related Articles

Back to top button