
सुबह-सुबह सिम्स पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री…. मरीजों से लिया इलाज और सुविधाओं का फीडबैक….
बिलासपुर- छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मंगलवार सुबह अचानक छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर का निरीक्षण किया। मंत्री के अचानक अस्पताल पहुंचने से अस्पताल प्रबंधन में हलचल रही। उन्होंने कैजुअल्टी, लेबर सहित विभिन्न वार्डों का जायजा लिया और मरीजों से सीधे बातचीत कर अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने मरीजों से इलाज, दवाइयों की उपलब्धता, जांच और अस्पताल की अन्य सुविधाओं को लेकर फीडबैक लिया। एक मरीज ने मंत्री को बताया कि उसे दवा से लेकर इलाज और अन्य जरूरी सुविधाएं अस्पताल में मिल रही हैं। मरीज से मिले इस फीडबैक के बाद मंत्री ने संतोष जताया।
स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल के डीन और अधीक्षक से भी स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की। उन्होंने विभिन्न वार्डों की व्यवस्थाओं, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और अस्पताल की कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
मंत्री ने निरीक्षण के दौरान अस्पताल में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अधिकारियों से चर्चा की। करीबियों से फीडबैक लेने के बाद स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल संतुष्ट नजर आए और अस्पताल से रवाना हो गए।
स्वास्थ्य मंत्री का यह औचक निरीक्षण ऐसे समय में हुआ, जब अस्पतालों में मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जमीनी स्थिति को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है।



