बिजली विभाग में ठेकेदारों का हंगामा, पेनाल्टी कटौती के विरोध में अर्धनग्न प्रदर्शन…..

बिलासपुर– तिफरा स्थित बिजली विभाग के कार्यपालन अभियंता परियोजना कार्यालय में आज ठेकेदारों का गुस्सा फूट पड़ा। कृषि पंपों के कार्यों के बिलों में पेनाल्टी काटे जाने के विरोध में बड़ी संख्या में ठेकेदार कार्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए। इस दौरान ठेकेदारों ने अर्धनग्न होकर भी प्रदर्शन किया।

ठेकेदारों का कहना है कि कृषि पंपों के इलेक्ट्रिफिकेशन का काम खेतों में किया जाता है। ऐसे में खेत में पानी भरा होना, फसल लगी होना या किसानों के बीच जमीन को लेकर विवाद जैसी परिस्थितियों के कारण काम में देरी होना सामान्य है। ठेकेदारों के मुताबिक, काम में देरी की जानकारी कई बार विभाग को पत्राचार और मौखिक रूप से दी गई।
इसके बावजूद पिछले वित्तीय वर्ष के कृषि पंप कार्यों के बिलों से पेनाल्टी की राशि काटे जाने का आरोप ठेकेदारों ने लगाया है। ठेकेदारों का दावा है कि करीब 2 करोड़ रुपये से ज्यादा के बिल लंबित हैं और इन पर भी पेनाल्टी वसूली की जा रही है।
वहीं प्रदर्शन कर रहे ठेकेदारों ने कार्यपालन अभियंता पर बिल की राशि का 3 प्रतिशत कथित तौर पर कमीशन मांगने का गंभीर आरोप लगाया। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यालय में पदस्थ एक क्लर्क पर भी बिल आगे बढ़ाने के एवज में 1 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया गया। ठेकेदारों ने अधिकारी के सामने इसकी शिकायत की और क्लर्क से भी सवाल-जवाब किए।
अब ठेकेदारों ने पेनाल्टी की कार्रवाई रोकने, लंबित बिलों का भुगतान करने और लगाए गए आरोपों की जांच कराने की मांग की है। पूरे मामले में विभाग की ओर से क्या जवाब सामने आता है, यह देखना होगा।

Related Articles

Back to top button