25 जनवरी से 28 फरवरी तक होगा जनगणना का दूसरा चरण… अधिकारियों और कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण….कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा–सटीक एवं तथ्यात्मक जानकारी के साथ हो जनगणना, कोई भी व्यक्ति न छूटे और न हो दोहरी गणना…..10 से 24 जनवरी तक स्व-गणना का भी मिलेगा अवसर…..
बिलासपुर–25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक जनगणना दूसरा चरण आयोजित होगा।जिसके तहत नागरिकों की गणना की जाएगी ।द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत आज नगर निगम कार्यालय के दृष्टि सभाकक्ष में जिला एवं चार्ज स्तरीय जनगणना अधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जनगणना कार्य की प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं, मोबाइल ऐप के माध्यम से जानकारी दर्ज करने तथा स्व-गणना सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना के जॉइंट डायरेक्टर श्री प्रदीप साव एवं राज्य सांख्यिकी अन्वेषक और बिलासपुर के जनगणना नोडल अधिकारी श्री विशाल दीक्षित ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया। इस अवसर पर कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे एडीएम शिव बनर्जी,अपर आयुक्त खजान्ची कुम्हार और सहायक जिला जनगणना अधिकारी झील जायसवाल उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण को गंभीरता और जिम्मेदारी से लेने के निर्देश…
इस अवसर पर कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। इसमें प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की भूमिका महत्वपूर्ण है। सभी अधिकारी-कर्मचारी प्रशिक्षण को गंभीरता, जिम्मेदारी और लगन के साथ समझें, ताकि जनगणना के दौरान प्राप्त प्रशिक्षण का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो सके। जनगणना से प्राप्त सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़े प्रशासनिक योजनाओं के निर्माण और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कलेक्टर श्री अग्रवाल ने कहा कि जनगणना के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि कोई भी व्यक्ति गणना से छूटे नहीं और किसी की दोहरी गणना न हो। प्रत्येक नागरिक से संबंधित जानकारी सही, तथ्यात्मक एवं विश्वसनीय होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थान परिवर्तन के बाद व्यक्ति जिस क्षेत्र में निवास कर रहा है, उसकी गणना निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार उसी क्षेत्र में सुनिश्चित की जाए। इसके लिए सभी अधिकारी-कर्मचारी पूरी सजगता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
मोबाइल ऐप से होगी जनगणना, तकनीकी पहलुओं की दी गई जानकारी…..
प्रशिक्षण के दौरान प्रदीप साव एवं विशाल दीक्षित ने जनगणना की प्रक्रिया और इससे जुड़े सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं को विस्तार से समझाया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बताया गया कि जनगणना का कार्य मोबाइल ऐप के माध्यम से किया जाएगा। इसमें निर्धारित प्रारूप के अनुसार जानकारी दर्ज करने, ऐप के संचालन, आंकड़ों की प्रविष्टि तथा तकनीकी प्रक्रियाओं के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया।इसके साथ ही स्व-गणना की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 10 जनवरी से 24 जनवरी तक नागरिकों को स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करने का अवसर मिलेगा। स्व-गणना की प्रक्रिया, मोबाइल ऐप के उपयोग तथा प्राप्त जानकारी को निर्धारित प्रणाली में दर्ज करने संबंधी तकनीकी पहलुओं को भी विस्तारपूर्वक समझाया गया।
प्रशिक्षण में जनगणना कार्य से जुड़े चार्ज स्तरीय अधिकारियों, जनगणना अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियों और कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे प्रशिक्षण में दी गई जानकारी को अच्छी तरह समझें, ताकि जनगणना का कार्य निर्धारित समय-सीमा में व्यवस्थित, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित तरीके से संपन्न कराया जा सके।




