धान खरीदी महाअभियान का शानदार आगाज….माला पहनाकर किसानों का हुआ स्वागत…. कलेक्टर ने अपनी मौजूदगी में कराई धान की तौल….. 154 उपार्जन केंद्रों में खरीदी की तैयारी पूरी…. जिले के 1.36 लाख किसानों ने कराया पंजीयन…..हरदी केंद्र में पहले दिन किसान विजय कुमार धुरी ने बेचा 12.40 क्विंटल धान……

बिलासपुर-खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत बिलासपुर जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी महाअभियान का शनिवार को उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। जिले के सभी 154 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पहले दिन बिल्हा विकासखंड के ग्राम हरदी स्थित धान उपार्जन केंद्र में इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन की पूजा-अर्चना कर खरीदी की शुरुआत की गई। इस दौरान धान बेचने पहुंचे किसान विजय कुमार धुरी का माला पहनाकर और नारियल भेंटकर स्वागत किया गया।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने हरदी उपार्जन केंद्र पहुंचकर खरीदी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अपनी मौजूदगी में किसान विजय कुमार धुरी के धान की तौल कराई। पहले दिन किसान से 12.40 क्विंटल मोटा महामाया किस्म का धान खरीदा गया। कलेक्टर ने तौल प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी, व्यवस्थित और सुचारू रूप से संचालित की जाए।

जिले में इस वर्ष धान विक्रय के लिए लगभग 1 लाख 36 हजार किसानों ने पंजीयन कराया है। हरदी उपार्जन केंद्र में पहले दिन दो किसानों के टोकन जारी किए गए थे। कलेक्टर ने किसानों से चर्चा के दौरान आदान सहायता राशि को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निर्धारित अधिकतम सीमा 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले किसानों को भी प्रति एकड़ के मान से एकसमान आदान सहायता राशि का लाभ मिलेगा।

हरदी केंद्र में 1,139 किसान पंजीकृत…..

हरदी धान उपार्जन केंद्र में कुल 1,139 किसान पंजीकृत हैं। इस केंद्र में हरदी, बसिया और कोरमी गांव के किसान अपनी उपज बेचने पहुंचते हैं। कलेक्टर ने धान की आवक के अनुरूप पर्याप्त तौल और सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि केंद्र में पर्याप्त स्टैकिंग व्यवस्था हो तथा किसानों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।

व्यवस्थाओं से संतुष्ट दिखे किसान……

पहले दिन अपनी उपज बेचने पहुंचे किसान विजय कुमार धुरी ने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं और खरीदी प्रक्रिया पर संतोष जताया। पहले ही दिन धान की बिक्री होने से वे प्रसन्न नजर आए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को खरीदी केंद्रों की सतत निगरानी करने और शासन के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप खरीदी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिले में प्रशासन ने किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए धान खरीदी की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने का दावा किया है।

Related Articles

Back to top button