संदिग्ध अवस्था में सड़क किनारे मिली युवक लाश….पुलिस जुटी जांच में…..

बिलासपुर– शहर के लालखदान क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब संत नगर के पास सड़क किनारे एक युवक का शव मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना तोरवा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान उत्तम कुमार के रूप में हुई है, जो रायगढ़ जिले के घरघोड़ा का निवासी बताया जा रहा है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो पाया है।
घटना की संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी हत्या की पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस दुर्घटना, आत्महत्या और हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस मृतक की मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।




