हैदराबाद में रेस्टोरेंट-पब फ्रेंचाइजी का झांसा देकर 3.42 करोड़ की ठगी….. महिला-पुरुष के खिलाफ अपराध दर्ज……

बिलासपुर-हैदराबाद में रेस्टोरेंट और पब की फ्रेंचाइजी दिलाने तथा कारोबार में 25 प्रतिशत हिस्सेदारी देने का झांसा देकर बिलासपुर के कारोबारियों से 3 करोड़ 42 लाख 50 हजार रुपये से अधिक की धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला और पुरुष ने निवेश के नाम पर बड़ी रकम लेने के बाद न तो कारोबार में हिस्सेदारी दी और न ही रकम वापस की। पीड़ित की शिकायत पर तारबाहर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लिंक रोड तारबाहर निवासी शिखर सराफ (38), पिता शिवकुमार सराफ ने शिकायत दर्ज कराई है कि आरोपी जयवीर सिंह सभरवाल और शेषम कौर ने खुद को प्राशी वेंचर्स एलएलपी से अधिकृत प्रतिनिधि बताकर हैदराबाद में डियाब्लो नाम से रेस्टोरेंट एवं पब का कारोबार शुरू करने का प्रस्ताव दिया था।शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने कारोबार में निवेश करने पर 25 प्रतिशत हिस्सेदारी और नियमित लाभांश देने का भरोसा दिलाया। दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद 10 जनवरी 2025 को निवेश संबंधी एग्रीमेंट किया गया। इसमें कुल 3 करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपये के निवेश के बदले 25 प्रतिशत स्वामित्व और मुनाफे में हिस्सेदारी देने की बात कही गई थी।इससे पहले 20 दिसंबर 2024 को बैंक ऑफ इंडिया व्यापार विहार और बैंक ऑफ बड़ौदा लिंक रोड शाखा से 7.50-7.50 लाख रुपये, कुल 15 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से ट्रांसफर किए गए थे। इसके बाद आरोपियों द्वारा अलग-अलग कारण बताकर लगातार अतिरिक्त रकम जमा कराने का दबाव बनाया गया। शिकायत में जुलाई 2025 तक शिखर सराफ की ओर से करीब 1 करोड़ 45 लाख रुपये निवेश किए जाने का उल्लेख है।इसी तरह दूसरे कारोबारी रितेश शाह की ओर से 24 जनवरी 2025 को करीब 1 करोड़ 35 लाख रुपये तथा उनके साले सक्षम श्रीवास्तव की ओर से 23 फरवरी 2025 को आईडीएफसी बैंक की बेंगलुरु शाखा से 62 लाख 62 हजार रुपये ट्रांसफर किए जाने की जानकारी दी गई है।इस तरह प्राशी वेंचर्स एलएलपी के हैदराबाद स्थित एक्सिस बैंक खाते में कुल 3 करोड़ 42 लाख 50 हजार रुपये से अधिक की राशि जमा कराई गई। आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपियों ने पीड़ितों को कंपनी में शामिल करने और हिस्सेदारी देने के मामले में लगातार टालमटोल शुरू कर दी।
बाद में पीड़ितों को जानकारी मिली कि संबंधित कारोबारी प्रतिष्ठान में किराया भुगतान, जरूरी लाइसेंस, वेंडरों के साथ विवाद और वित्तीय हिसाब-किताब में गड़बड़ियां सामने आई हैं। आरोपियों के अधिकार और निवेश संबंधी दस्तावेजों पर भी संदेह होने लगा। कई बार रकम वापस मांगने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला।अंततः 19 नवंबर को शिखर सराफ ने तारबाहर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 0422/2026 के तहत जयवीर सिंह सभरवाल और शेषम कौर के खिलाफ धारा 3(5), 318 एवं 351(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे वित्तीय लेनदेन और दस्तावेजों की जांच कर रही है।



