दिनदहाड़े दीवार फांदकर पपीते की चोरी…..स्कूटी सवार युवक-युवती की हरकत सीसीटीवी में कैद….. वीडियो वायरल……

बिलासपुर– छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर से एक अजीबोगरीब चोरी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक और युवती स्कूटी पर सवार होकर शहर के एक रिहायशी इलाके में पहुंचते हैं, जहां युवक दीवार फांदकर घर के आंगन में दाखिल होता है और चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाता है। हालांकि, दोनों को इस बात का अंदाजा नहीं था कि उनकी पूरी हरकत पास के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो रही है।यह पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के स्वर्ण जयंती नगर रिंग रोड का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर को एक युवक और युवती लाल रंग की स्कूटी पर सवार होकर वहां पहुंचे। इसके बाद युवक स्कूटी से उतरा, युवती को गाड़ी पर बैठाए रखा और खुद एक मकान की दीवार फांदकर अंदर आंगन में घुस गया।

मालकिन के देखते ही पपीता लेकर भागा युवक……

युवक ने घर को सूना समझकर चोरी करने की कोशिश की, लेकिन इससे पहले ही घर की मालकिन ने उसे देख लिया। जब तक महिला उसे आवाज देती या कुछ समझ पाती, तब तक युवक आंगन में लगे पेड़ से पपीता तोड़कर दीवार फांदता हुआ बाहर निकला और युवती के साथ स्कूटी पर बैठकर मौके से फरार हो गया।

सीसीटीवी में कैद हुई करतूत, कानून व्यवस्था पर उठे सवाल…..

पूरी घटना के दौरान दोनों को यह नहीं पता था कि उनकी यह हरकत वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो रही है। बताया जा रहा है कि इस मामले में फिलहाल कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन दिनदहाड़े रिहायशी इलाके में हुई इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। स्थानीय लोगों के बीच इस घटना को लेकर शहर की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

Related Articles

Back to top button