बोटद्रा सोसाइटी के नए उपार्जन केंद्र पथर्रा में कंप्यूटर ऑपरेटर की फर्जी नियुक्ति का आरोप…… जांच की मांग……बिना विज्ञापन और अनुमति के रिश्तेदार को नियुक्त करने का मामला……सहकारिता विभाग से उच्चस्तरीय जांच की गुहार…….

बिलासपुर–मुंगेली जिले के लोरमी तहसील अंतर्गत बोडतरा सोसाइटी के नवीन उपार्जन केंद्र पथर्रा में कंप्यूटर ऑपरेटर की अवैध और फर्जी तरीके से नियुक्ति किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में संयुक्त पंजीयक सहकारिता संस्थाएं, संभाग बिलासपुर को एक शिकायत पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और नियमानुसार पात्र अभ्यर्थी को नियुक्ति दिए जाने की मांग की गई है।

बिना विज्ञापन और मुनादी के कर दी गई नियुक्ति….
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सेवा सहकारी समिति ग्राम बोडतरा कला के नवीन उपार्जन केंद्र पथर्रा में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर नियमों को ताक पर रखकर नियुक्ति की गई है। इस प्रक्रिया में उच्च कार्यालय से किसी भी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई, न ही कोई आधिकारिक विज्ञापन जारी किया गया और न ही क्षेत्र में मुनादी कराई गई या समिति में नोटिस चस्पा किया गया।

मोटी रकम लेकर रिश्तेदार को उपकृत करने का आरोप…..
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि संस्था के अध्यक्ष अभयराम जायसवाल, प्रबंधक व सहकारिता विस्तार अधिकारी केशव जायसवाल और मुकेश राजपूत द्वारा मोटी रकम लेकर अपने रिश्तेदार नरेश जायसवाल को चुपचाप कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर नियुक्त कर दिया गया है। इसी तरह नवीन उपार्जन केंद्र पथर्रा और बोडतरा कला में अन्य कर्मचारियों की नियुक्ति में भी अनियमिताएं बरते जाने की बात कही गई है।

योग्य उम्मीदवारों ने जताई नाराजगी……
आवेदन में यह भी बताया गया है कि संबंधित पद के लिए आवश्यक सभी योग्यताएं पूरी करने के बावजूद उन्हें दरकिनार किया गया है, जिससे योग्य युवाओं में भारी आक्रोश है। प्रभावितों ने संयुक्त पंजीयक से मांग की है कि उक्त सभी नियुक्तियों की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और नियमों का पालन करते हुए पारदर्शी तरीके से कंप्यूटर ऑपरेटर की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जाए।

Related Articles

Back to top button