एसईसीएल के 42वें स्थापना दिवस का आगाज़…..सीएमडी हरीश दुहन बोले– ऊर्जा सुरक्षा राष्ट्रीय दायित्व….. 170 से अधिक पुरस्कार वितरित….25 नवंबर को मुख्य समारोह और शाम को पलाश सेन व ‘यूफोरिया’ बैंड की प्रस्तुति…..

बिलासपुर– साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के 42वें स्थापना दिवस के दो दिवसीय समारोह का मंगलवार को बिलासपुर स्थित कंपनी मुख्यालय में शुभारंभ हुआ। पहले दिन प्रेरक सत्र के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मियों, खदानों, क्षेत्रों और विभागों को विभिन्न श्रेणियों में 170 से अधिक पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) हरीश दुहन ने कर्मियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि जिस प्रकार सैनिक सीमा पर राष्ट्र की सुरक्षा करते हैं, उसी तरह कोयला कर्मियों का दायित्व देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि बिजली जरूरतों के लिए कोयले की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए यदि हर कर्मी अपने कार्यक्षेत्र में थोड़ा-थोड़ा अतिरिक्त प्रयास करे, तो कंपनी निर्धारित उत्पादन लक्ष्य आसानी से हासिल कर सकती है।

इससे पहले प्रेरक सत्र में प्रख्यात वक्ता आनंद मुंशी ने दौड़ का उदाहरण देते हुए कहा कि शुरुआत करना आसान है, पर लक्ष्य तक पहुंचने के लिए निरंतर प्रयास और दृढ़ संकल्प आवश्यक है। उन्होंने कर्मियों से रोज़मर्रा के कामकाज में नवाचार अपनाने और नए तरीकों से कार्य सुधार की पहल करने का आह्वान किया।

पुरस्कारों में इन खदानों और क्षेत्रों ने मारी बाज़ी

भूमिगत खदानें…..सोहागपुर क्षेत्र की शारदा खदान प्रथम और बैकुंठपुर क्षेत्र की पांडवपारा खदान द्वितीय रही। सोहागपुर क्षेत्र की खैरहा और जोहिला क्षेत्र की विंध्या खदान संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं।

खुली खदानें…….भटगांव क्षेत्र की जगन्नाथपुर खदान पहले, रायगढ़ क्षेत्र की बरौद खदान दूसरे और सोहागपुर क्षेत्र की अमलाई खदान तीसरे स्थान पर रही।

क्षेत्रीय प्रदर्शन……. रायगढ़ क्षेत्र प्रथम, भटगांव द्वितीय और बैकुंठपुर तृतीय स्थान पर रहा।

सर्वाधिक वृद्धि…… मेगा खुली खदानों में कुसमुण्डा और भूमिगत खदानों में हल्दीबाड़ी को पुरस्कृत किया गया।
इसके अलावा विशेष अभियान 6, नारी शक्ति, नवाचार, खेलकूद, युवा उपलब्धि, सर्वश्रेष्ठ विभाग और उत्कृष्ट संविदा कर्मी श्रेणियों में भी सम्मान प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में निदेशक (मानव संसाधन) बिरंचि दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, निदेशक (तकनीकी) संचालन रमेश चंद्र महापात्र, निदेशक (तकनीकी) योजना एवं परियोजना नृपेन्द्र नाथ सहित पूर्व निदेशक आर.एस. सिंह, ए.आर. कोमावर और जी. श्रीनिवासन मौजूद रहे। इस दौरान संयुक्त सलाहकार समिति, कल्याण बोर्ड, सुरक्षा समिति तथा विभिन्न कर्मचारी संघों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

मुख्य समारोह और ‘यूफोरिया’ की सांस्कृतिक संध्या…..

स्थापना दिवस का मुख्य समारोह बुधवार, 25 नवंबर को कंपनी मुख्यालय में होगा, जिसमें 15 से अधिक पूर्व सीएमडी एवं निदेशक शामिल होंगे। शाम को वसंत विहार मैदान में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में चर्चित पॉप गायक डॉ. पलाश सेन अपने बैंड ‘यूफोरिया’ के साथ प्रस्तुति देंगे।

Related Articles

Back to top button