एसिड अटैक अपहरण धमकी…. इंस्टाग्राम पर दोस्ती तोड़ना छात्रा को पड़ा भारी…..मनचले ने दी सरेराह तेजाब फेंकने और किडनैपिंग की धमकी….. क्लास तक पीछा कर रास्ते में रुकवाया ऑटो….मामला हुआ कायम पुलिस जुटी जांच में…..

बिलासपुर–सोशल मीडिया पर अनजान चेहरों से जान-पहचान कभी-कभी किस कदर खौफनाक साबित हो सकती है, इसका ताजा मामला बिलासपुर के तारबाहर थाना क्षेत्र से सामने आया है। यहाँ एक कॉलेज छात्रा की करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए खुदीराम बोस चौक निवासी विजय चौधरी उर्फ बॉबी से बातचीत शुरू हुई थी। हालांकि, बातचीत के कुछ ही समय बाद जब छात्रा को पता चला कि युवक का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उस पर पहले से केस दर्ज हैं, तो उसने सतर्कता बरतते हुए उससे हर तरह का संपर्क खत्म कर लिया।युवती का बातचीत बंद करना आरोपी को रास नहीं आया और वह लगातार फोन पर डराने-धमकाने के साथ उसका पीछा करने लगा। यह प्रताड़ना तब अपनी हदें पार कर गई जब 17 अक्टूबर को आरोपी छात्रा का पीछा करते हुए सीधे उसकी क्लास तक जा पहुँचा। इतना ही नहीं, जब छात्रा घर लौटने लगी तो आरोपी ने रास्ते में उसका ऑटो जबरन रुकवा लिया और नीचे उतारकर बात करने का दबाव बनाने लगा।छात्रा द्वारा साफ इनकार किए जाने पर उसने खुलेआम तेजाब से जलाने और उसका अपहरण करने की धमकी दे डाली।सरेराह मिली इस गंभीर धमकी के बाद पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए तारबाहर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी विजय चौधरी उर्फ बॉबी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।



