तेज रफ्तार और शराब के नशे में बाइक चलाना पड़ा भारी…. सड़क हादसे में युवक की मौत….दो घायल…..हादसे का सीसीटीवी हुआ वायरल…..

बिलासपुर- शराब के नशे में तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक बाइक चलाना एक युवक की जिंदगी पर भारी पड़ गया। नेहरू चौक के पास रविवार देर रात तेज रफ्तार बाइक ने सामने से आ रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक युवक की मौत हो गई, जबकि स्कूटी सवार दो लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार रतनपुर निवासी भरत साहू (28 वर्ष) लिंगियाडीह में रहता था। रविवार रात वह अपने दोस्त हर्ष साहू के साथ बाइक क्रमांक CG 10 EJ 4903 से मुंगेली नाका की ओर से नेहरू चौक की तरफ जा रहा था। बताया जा रहा है कि बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। इसी दौरान यदुनंदन नगर निवासी मयंक सिंह अपने पिता श्याम सिंह के साथ स्कूटी क्रमांक CG 10 BP 8895 से सामने से आ रहे थे।अचानक स्कूटी सामने आने पर भरत बाइक को नियंत्रित नहीं कर सका और बाइक सीधे स्कूटी से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के सवार सड़क पर जा गिरे। हादसे में चालक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जबकि अन्य वाहन सवार युवकों को भी चोट लगी।
घटना की सूचना मिलते ही पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद भरत साहू को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार शुरू किया गया।
लापरवाही से वाहन चलाने वाले और मृतक युवक पर भी मामला दर्ज
पुलिस ने मामले की जांच के बाद लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वाले संबंधित चालक के साथ मृतक बाइक चालक भरत साहू के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक हादसे के दौरान करण के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है और उसके पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था।




