सुरों के महानायकों को समर्पित होगी यादगार शाम, 22 अगस्त को सजेगी संगीत की महफिल लखीराम ऑडिटोरियम में शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक होगा ‘Tribute to the Legendary Singers’ कार्यक्रम

बिलासपुर–भारतीय फिल्म संगीत के स्वर्णिम दौर के महान गायकों के सदाबहार नगमों से शहर की शाम सुरमयी होने जा रही है। 22 अगस्त को लखीराम ऑडिटोरियम में ‘Tribute to the Legendary Singers’ विशेष संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक चलने वाले इस कार्यक्रम में मोहम्मद रफी, लता मंगेशकर, आशा भोसले, सुमन कल्याणपुर, किशोर कुमार और मुकेश जैसे महान गायकों के लोकप्रिय गीतों के माध्यम से उन्हें सुरमयी श्रद्धांजलि दी जाएगी।
कार्यक्रम की जानकारी बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकारवार्ता में गायिका कनक साहू ने दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के लिए महान गायकों के चुनिंदा सुपरहिट गीतों का चयन किया गया है। शहर के संगीतप्रेमियों को इस शाम एक से बढ़कर एक सदाबहार नगमे सुनने को मिलेंगे।
कनक साहू ने कहा कि इन महान कलाकारों के गीतों को अपनी आवाज में प्रस्तुत करना उनके लिए बेहद खुशी और गर्व की बात है। रफी साहब, लता जी, आशा जी, सुमन कल्याणपुर जी, किशोर कुमार और मुकेश जी जैसे दिग्गज गायकों के गीत आज भी लोगों के दिलों में बसे हुए हैं। इन्हीं अमर गीतों को नई प्रस्तुति के साथ श्रोताओं तक पहुंचाने का प्रयास कार्यक्रम में किया जाएगा।
उन्होंने संगीतप्रेमियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि यह सिर्फ एक संगीत कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारतीय फिल्म संगीत के उस स्वर्णिम दौर को याद करने और महान गायकों को नमन करने का अवसर है। सदाबहार गीतों के साथ श्रोता पुरानी यादों की खूबसूरत दुनिया में लौट सकेंगे।

चार घंटे में गूंजेंगे 30 से 35 सदाबहार गीत……

कार्यक्रम के दौरान करीब चार घंटे तक संगीत की सुरमयी महफिल सजेगी। इस दौरान टीम की ओर से 30 से 35 चुनिंदा और सदाबहार गीत प्रस्तुत किए जाएंगे। महान गायकों के एक से बढ़कर एक लोकप्रिय गीतों को कार्यक्रम के लिए विशेष रूप से चुना गया है।
आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम में हर गीत को इस तरह प्रस्तुत करने का प्रयास किया जाएगा कि श्रोता उससे जुड़ी अपनी पुरानी यादों को फिर से महसूस कर सकें। पुराने फिल्मी गीतों, सुरीली आवाजों और लाइव प्रस्तुति से सजी यह शाम बिलासपुर के संगीतप्रेमियों के लिए खास अनुभव बनने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button