
किराना दुकान में बड़ी चोरी…..नगद रकम, चांदी की मूर्ति, सीसीटीवी उपकरण और सामान लेकर फरार हुए चोर….पीछे का दरवाजा तोड़कर दिए वारदात को अंजाम…..
बिलासपुर- सरकंडा थाना क्षेत्र में चोरों ने एक किराना दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने दुकान से नगदी, चांदी की मूर्ति और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। इतना ही नहीं, अपनी पहचान छिपाने के लिए दुकान में लगे सीसीटीवी उपकरण भी उखाड़कर अपने साथ ले गए।
जानकारी के अनुसार, डीएलएस कॉलेज के पास स्थित गोपाल किराना स्टोर में देर रात अज्ञात चोर सीढ़ी के सहारे दुकान के पीछे पहुंचे। इसके बाद पीछे का दरवाजा तोड़कर दुकान के अंदर प्रवेश किया और गल्ले में रखी नगदी, चांदी की मूर्ति सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सीसीटीवी से जुड़े उपकरण भी निकालकर अपने साथ ले गए, ताकि उनकी पहचान न हो सके।
सुबह दुकान संचालक के पहुंचने पर चोरी की जानकारी मिली। दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और पीछे का दरवाजा टूटा हुआ मिला। घटना की सूचना तत्काल सरकंडा पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा अज्ञात चोरों की तलाश में जुट गई है।
फिलहाल सरकंडा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरी गई संपत्ति का वास्तविक मूल्यांकन किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।


