बिलासपुर ब्रेकिंग….चारा-पानी के अभाव और कीचड़ में फंसे मवेशी, झलमला के अस्थाई गौठान में 30 मौतों से हड़कंप…

बिलासपुर–सीपत तहसील के ग्राम पंचायत झलमला के अस्थाई गौठान में मवेशियों की मौत का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। ग्रामीणों के अनुसार यहां करीब 30 मवेशियों की मौत हुई है, जबकि प्रशासनिक स्तर पर फिलहाल 20 मवेशियों की मौत की पुष्टि की गई है। लगातार बारिश के बीच गौठान में चारा-पानी की समुचित व्यवस्था नहीं होने और पूरे परिसर में भारी कीचड़ जमा होने को मवेशियों की मौत की प्रमुख वजह बताया जा रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पशु चिकित्सा विभाग की टीम सोमवार को झलमला पहुंचकर मौके का निरीक्षण करेगी। टीम मवेशियों की मौत के कारणों की जांच के साथ गौठान की व्यवस्थाओं का भी जायजा लेगी। मृत मवेशियों की संख्या को लेकर भी मौके पर सत्यापन किया जाएगा।
गौ सेवा आयोग के जिला अध्यक्ष वीरेंद्र दुबे ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो दोषी व्यक्तियों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने गौठान में मवेशियों के लिए चारा, पानी और सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की बात कही।

ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार बारिश के कारण अस्थाई गौठान की स्थिति बेहद खराब हो गई है। परिसर में भारी मात्रा में कीचड़ जमा होने से मवेशियों का खड़ा होना और चलना तक मुश्किल हो गया है। इसके साथ ही पर्याप्त चारा और पानी उपलब्ध नहीं होने से मवेशियों की हालत बिगड़ती गई। इसी दौरान बड़ी संख्या में मवेशियों की मौत हो गई।
मामले में अब पशु चिकित्सा विभाग की जांच महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मवेशियों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके लिए जिम्मेदारी किसकी बनती है। प्रशासनिक स्तर पर भी गौठान की व्यवस्था और देखरेख में लापरवाही की पड़ताल की जाएगी।

Related Articles

Back to top button